बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिले बिलासपुर की पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्ती दिखा रही है। अब पुलिस सिर्फ छोटे तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे ड्रग नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है। इसी कड़ी में स्वारघाट थाना पुलिस ने पंजाब से चिट्टा सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पंजाब से पकड़ा गया चिट्टा सप्लायर
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी और डिजिटल सबूत मिले, जिनसे पता चला कि बरामद चिट्टा पंजाब के खरड़ इलाके से लाया गया था। इसके बाद 17 जुलाई को स्वारघाट पुलिस की एक टीम पंजाब पहुंची और कार्रवाई करते हुए सोनू कुमार, निवासी मुक्तसर साहिब (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 32.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बागवान की बेटी ने बिना कोचिंग NEET क्रैक कर रचा इतिहास: स्वयं अध्ययन-अनुशासन से पाया मुकाम
बिलासपुर में सप्लाई करने की थी तैयारी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोनू कुमार इस चिट्टे की खेप को बिलासपुर जिले के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी में था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे, वह किन लोगों को नशा पहुंचाता था और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
SP बोले- पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस
SP बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस अब सिर्फ तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बैकवर्ड लिंकेज के जरिए नशे के असली सप्लायर और पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर उस पर कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटी ने एक साल में पास की 4 बड़ी परीक्षाएं, अब पहले प्रयास में क्रैक किया NEET Exam
ऐसे शुरू हुई थी पूरे मामले की जांच
इस मामले की शुरुआत 16 जुलाई 2026 को हुई थी। स्वारघाट थाना में एफआईआर नंबर 50/2026 एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत दर्ज की गई। उस दिन पुलिस यातायात चेकिंग कर रही थी, तभी सुमन कुमार, निवासी सुरहाड़ (जिला बिलासपुर) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.32 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की और बैकवर्ड लिंकेज के जरिए पंजाब तक पहुंचते हुए चिट्टा सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया।
