चंबा। हिमाचल के पड़ोसी राज्य में दो बाइकों के बीच हुई भीषण टक्कर में चंबा के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा पंजाब के मोगा.लुधियाना जीटी रोड पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार राज कुमार उर्फ राज उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर से उसके गांव में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान राज कुमार उर्फ राज, निवासी गांव भनेली, जिला चंबा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। घटना के समय वह अपने साथी कुलदीप सिंह उर्फ दीपु के साथ मोटरसाइकिल पर मोगा स्थित अपने निवास की ओर जा रहा था। इसी दौरान जीटी रोड पर सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादी में जा रहे लोगों की कार चंद्रभागा नदी में गिरी, 3 की मौके पर मौ**त; 4 घायल
जोरदार टक्कर से सड़क पर गिरा युवक
हादसे में राज कुमार को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे तुरंत मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : वीरभद्र परिवार के मंच पर जुटे सुक्खू के विरोधी! नीरज भारती को गले लगा विक्रमादित्य ने बढ़ाई सियासी हलचल
टक्कर मारकर फरार हुआ बाइक चालक
मामले की जानकारी देते हुए मेहना थाना पुलिस के सहायक थानेदार अशोक कुमार ने बताया कि घटना को लेकर चंबा के गांव सलाणा निवासी कुलदीप सिंह की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें : वीरभद्र के नक्शे कदम पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नाराज नेताओं से रिश्ते जोड़ बढ़ा रहे अपना राजनीतिक कुनबा
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जीटी रोड तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
