कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाला एक युवक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। भुंतर क्षेत्र में ब्यास नदी के तेज बहाव में गिरकर जान जोखिम में डालने वाले दो युवकों को बचाने के लिए नदी में कूदे युवक ने दोनों की जान तो बचा ली, लेकिन खुद उफनती धारा में बह गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है और पुलिस व प्रशासन युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।

ब्यास में गिर गए थे दो पंजाबी युवक

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम भुंतर क्षेत्र में ब्यास नदी के किनारे मौजूद कुछ युवक अचानक हादसे का शिकार हो गए। पंजाब के कपूरथला से संबंध रखने वाले दो युवक कातिया और सोनू नदी में गिर गए और देखते ही देखते तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा.तफरी मच गई। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों गौरव और सुमित ने हिम्मत दिखाते हुए डूबते हुए युवकों को बचाने के लिए ब्यास नदी में छलांग लगा दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : देर रात गहरी खाई में गिरा एलएनटी मशीन से लदा ट्रक, नहीं बच पाया चालक संतोष

दो जिंदगियां बचीं, लेकिन खुद लापता हो गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गौरव और सुमित ने साहस का परिचय देते हुए पानी में डूब रहे दोनों पंजाबी युवकों को बचा लिया। लेकिन बचाने गए दोनों युवक पानी के तेज बहाव में फंस गए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने गौरव को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन सुमित तेज बहाव में बह गया। कुछ देर तक वह पानी में संघर्ष करता रहा, लेकिन बाद में धारा उसे अपने साथ बहाकर ले गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। देखते ही देखते युवक आंखों से ओझल हो गया और लापता हो गया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, करना होगा निजी अस्पतालों का हिमकेयर भुगतान- जानें

आज बरामद हुआ सुमित का शव

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने के चलते सफलता नहीं मिली। पुलिस ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को बीती शाम ही सूचना दी। DDMA और स्थानीय प्रशासन ने आज फिर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुमित का शव बरामद कर दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट की आज अहम बैठक, नौकरियों सहित किसानों के मुद्दों पर हो सकते हैं बड़े फैसले

20 साल का था युवक, कपड़े का करता था व्यापार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आगामी जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक की पहचान सुमित पुत्र रवि निवासी गांव काला सिंघा त्राटक कपूरथला के रूप में हुई है। मृतक की मामी ने बताया कि सुमित 20 का था और भुंतर में कपड़े का व्यापार करता था। उन्होंने बताया कि जिन दो लड़कों को उसने डूबने से बचाया, वह भी कपड़े का ही काम करते हैं। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें