चंबा। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा मार्ग पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मणिमहेश यात्रा के लिए पांच दोस्तों के साथ निकले हरियाणा निवासी एक श्रद्धालु की डल झील के पास मौत हो गई।

पवित्र झील के पास श्रद्धालु की मौत

प्रारंभिक जांच में श्रद्धालु की मौत हृदय गति रुकने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद मणिमेहश यात्रा पर आए श्रद्धालुओं में भी शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस की नाक के नीचे से कैदी फरार, IGMC में उपचार के लिए लाया था- मचा हड़कंप

दोस्तों के साथ आया था हिमाचल

मृतक की पहचान 56 वर्षीय मनमोहन लाल के रूप में हुई है- जो कि हरियाणा के अंबाला जिले का रहने वाला था। मनमोहन लाल अपने चार दोस्तों के साथ मणिमहेश यात्रा के लिए हिमाचल पहुंचा था।

हेलिकॉप्टर से गौरीकुंड पहुंचे थे पांचों दोस्त

जानकारी के अनुसार, मनमोहन लाल सोमवार शाम अपने चार साथियों के साथ भरमौर पहुंचा था। यहां से उसने हेलिकॉप्टर सेवा के माध्यम से गौरीकुंड तक का सफर किया। गौरीकुंड पहुंचने के बाद पांचों दोस्तों ने आगे का रास्ता पैदल तय किया और डल झील की ओर रवाना हुए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल लैंड स्कैम : बैंक खाते में सिर्फ 17 रुपये, करोड़ों की जमीन का मालिक निकला नेकराम

कैलाश पर्वत के दर्शन किए

यात्रा के दौरान सभी साथी एक साथ थे। डल झील पहुंचने के बाद उन्होंने कैलाश पर्वत के दर्शन किए। इसके बाद रात में आराम करने के लिए टेंट में चले गए। उस समय तक मनमोहन लाल की तबीयत सामान्य बताई जा रही थी।

रात में अचानक फूलने लगी सांस

टेंट में जाने के बाद अचानक मनमोहन लाल को सांस लेने में परेशानी होने लगी। उसकी सांस फूलने लगी और हालत बिगड़ने लगी। साथ मौजूद दोस्तों ने उसकी तबीयत खराब होते देख उन्हें उपचार दिलाने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: घर से अचानक लापता हुई थी 102 वर्षीय महिला, डेढ़ किलोमीटर दूर इस हाल में मिली देह

टेंट में ली आखिरी सांसें

दोस्त उसे स्वास्थ्य शिविर तक ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, लेकिन इससे पहले ही मनमोहन लाल ने दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से उसके साथ यात्रा पर आए दोस्त स्तब्ध रह गए। यात्रा के दौरान हुई इस मौत से आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में भी शोक की स्थिति बन गई।

पहले से लगा था हार्ट स्टेंट

पुलिस के अनुसार मृतक को पहले से हृदय संबंधी समस्या थी और उनके हार्ट में स्टेंट पड़ा हुआ था। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्र में अचानक तबीयत बिगड़ने को उसकी मौत की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के आधार पर ही की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: रात भर घर नहीं लौटा पंचायत सदस्य, अगली सुबह नाले में पड़ा मिला; शरीर पर थे चोट के निशान

हृदय गति रुकने से मौत

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में श्रद्धालु की मौत हृदय गति रुकने की आशंका है। उन्होंने बताया कि मृतक के पहले से स्टेंट पड़ा होने की जानकारी भी सामने आई है।

SDRF टीम ने भरमौर पहुंचाया शव

घटना की सूचना मिलने के बाद शव को डल झील क्षेत्र से भरमौर लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। मंगलवार को एडीआरएफ की टीम ने शव को भरमौर पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बागवानों से धोखा! 34 लाख का सेब लेकर फरार हुआ व्यापारी, फोन-कमरा सब बंद मिला

परिजनों को फोन पर मिली सूचना

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को फोन के माध्यम से दी। परिजनों को पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने शव को उनके साथ यात्रा पर गए दोस्तों को सौंपने की बात कही। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव साथ आए दोस्तों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है। प्रारंभिक तौर पर मामला अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने और हृदय गति रुकने से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस की ओर से घटना की परिस्थितियों की भी जांच की गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : काम पर गया पति 4 दिन से लापता, तलाश में दर-दर भटक रही बेबस पत्नी- करें मदद

आसान नहीं है मणिमहेश यात्रा

विदित रहे कि, मणिमहेश यात्रा के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। ऐसे में यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को अपनी स्वास्थ्य स्थिति का ध्यान रखने और किसी भी तरह की परेशानी महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य शिविर से सहायता लेने की सलाह दी जाती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें