चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले पांगी-उदयपुर मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई थी और उस हादसे का दर्द अभी लोगों के जहन से उतरा भी नहीं था कि मंगलवार को जिले में एक और बड़ा हादसा हो गया।

बड़ा हादसा- 5 की मौत

इस बार पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर बनीखेत के लाहड़ के पास एक कार गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में माता-पिता, दाद- दादी और एक साल का बच्चा भी शामिल है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भारी बारिश से मचा हाहाकार : घरों में घुसा मलबा, कई गाड़ियां फ्लैश फ्लड में बहीं

अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार

जानकारी के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब मारुति कार बनीखेत के लाहड़ क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बतायाजा रहा है कि इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। 

स्थानीय लोग सबसे पहले पहुंचे मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर बचाव अभियान चलाया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में मानसून का कहर : 9 जगह फटे बादल, अब तक एक हजार करोड़ का नुकसान

गैहरा क्षेत्र की बताई जा रही कार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार गैहरा क्षेत्र की बताई जा रही है। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। शुरुआती सूचना में सभी पांच लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। हालांकि मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का प्रशासन की ओर से आधिकारिक विवरण जारी किया जाना बाकी है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी मामले पर नजर रखी जा रही है और राहत कार्य पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें