पंचकूला/सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे ने न केवल एक घर का चिराग बुझा दिया, बल्कि तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया भी हमेशा के लिए छीन लिया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और अब बच्चों के भविष्य तथा उनके पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उनकी मां के कंधों पर आ गई है।
टैंकर से टकराया बाइक सवार
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मूल निवासी सुधाकर उपाध्याय अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के बद्दी (जिला सोलन) में रहते थे। वह डेराबस्सी स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और रोजाना नौकरी के सिलसिले में आना-जाना करते थे।
यह भी पढ़ें : PM मोदी के निशाने पर हिमाचल सरकार : बोले- निकाय चुनावों में कांग्रेस को जनता ने नकारा
बताया जा रहा है कि chrs jkst सुधाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बरवाला से पंचकूला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव भानू के समीप सड़क पर आगे चल रहे एक कैंटर चालक ने अचानक बिना किसी संकेत के वाहन रोक दिया। अचानक वाहन रुकने से पीछे आ रही बाइक सीधे कैंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुधाकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल बाइक सवार को तुरंत उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पंचकूला पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें सुधाकर की मौत की दुखद सूचना मिली। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
यह भी पढ़ें- 15 जून को शपथ लेंगे प्रधान और उपप्रधान: CM- मंत्री होंगे शामिल, विक्रमादित्य का नाम लिस्ट से बाहर
तीन बच्चों के भविष्य पर मंडराया संकट
सुधाकर उपाध्याय परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असमय मौत के बाद पत्नी और तीन बच्चों के सामने जीवनयापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। परिवार के दो बेटे और एक बेटी अब पिता के स्नेह और संरक्षण से हमेशा के लिए वंचित हो गए हैं। उनकी मौत से पूरे परिवार पर आर्थिक और भावनात्मक संकट गहरा गया है।
मां पर आ गई पूरे परिवार की जिम्मेदारी
इस दर्दनाक हादसे के बाद अब तीनों बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी उनकी मां के कंधों पर आ गई है। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्चों को लेकर परिवार गहरी चिंता में है। एक पल में परिवार का सहारा छिन जाने से घर में मातम का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में हिंदू संघर्ष समिति के 2 नेता अरेस्ट : मुस्लिम युवकों से की मा.रपीट, युवती से जुड़ा है मामला
फरार कैंटर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
चंडी मंदिर थाना पुलिस ने मृतक के भाई दिनेश उपाध्याय की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है। चंडी मंदिर थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- CM सुक्खू को हाईकोर्ट से करारा झटका: हिमकेयर योजना के फैसले पर लगाई रोक, मांगा जवाब
एक हादसा और उजड़ गया पूरा परिवार
सड़क पर बरती गई एक छोटी सी लापरवाही ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। सुधाकर उपाध्याय की मौत ने उनकी पत्नी को जीवनभर का दर्द और तीन मासूम बच्चों को ऐसा खालीपन दे दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। परिवार और रिश्तेदारों की आंखें नम हैं और हर कोई यही कह रहा है कि यदि वाहन चालक ने सावधानी बरती होती तो शायद आज सुधाकर अपने परिवार के बीच होते।
