#अपराध
June 7, 2026
हिमाचल में हिंदू संघर्ष समिति के 2 नेता अरेस्ट : मुस्लिम युवकों से की मा.रपीट, युवती से जुड़ा है मामला
दर्जी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला, कार्रवाई तेज
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में दर्जी और उसके सहकर्मी के साथ कथित मारपीट तथा सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालने के मामले में अपडेट आया है। मामले में पुलिस ने हिंदू संघर्ष समिति के दो नेताओं को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मदन ठाकुर और विजय शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार संजौली थाना में अजीम मिर्जा नामक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। अजीम मिर्जा ने बताया कि वह संजौली में दर्जी की दुकान चलाता है और उसकी दुकान में आफताब नामक व्यक्ति भी कार्य करता है।
शिकायत के मुताबिक 6 जून को कुछ लोग उसकी दुकान में पहुंचे और एक युवती को साथ लाकर उससे पहचान संबंधी सवाल पूछने लगे। अजीम का आरोप है कि युवती द्वारा उसे पहचानने से इनकार करने के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की तारें तोड़ दीं और उसका वीडियो बनाने का प्रयास किया। आरोप है कि बाद में अजीम और उसके सहकर्मी आफताब को दुकान से बाहर सड़क पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई तथा नारेबाजी करते हुए सार्वजनिक रूप से उनका जुलूस निकाला गया।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोगों ने मामले की जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया और कानून अपने हाथ में लेते हुए दोनों व्यक्तियों के साथ दुर्व्यवहार किया।
मामले में पुलिस ने मदन ठाकुर निवासी देवघोडी, शिमला और विजय शर्मा निवासी कुमार भवन, संजौली को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इसी मामले से जुड़ी एक युवती की शिकायत पर महिला थाना शिमला में पहले ही उबैद नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है। आरोप है कि उबैद ने युवती के साथ छेड़छाड़ की थी।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस के अनुसार युवती ने अपनी शिकायत में अजीम मिर्जा और आफताब पर कोई आरोप नहीं लगाया था। पुलिस उनकी भूमिका की अलग से जांच कर रही थी।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच कानून के अनुसार की जा रही है और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।