पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर वाहन चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इन हादसों में कई घरों के चिराग बुझ रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हिमाचल के सिरमौर जिला में हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क पार कर रही महिला को बुरी तरह से कुचल दिया। जिससे महिला की मौत हो गई।
कार चालक ने महिला को रौंदा
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सिरमौर जिला के पांवटा साहिब क्षेत्र के गोंदपुर में हुआ है। बताया जा रहा है कि मंजू देवी नाम की एक प्रवासी महिला सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार की टक्कर से महिला दूर जाकर सड़क पर गिरी और बुरी तरह से घायल हो गई।
यह भी पढ़ें : 47 साल का इंतजार खत्म- भारत ने जीता महिला वर्ल्ड कप, हिमाचल की रेणुका ने की जबरदस्त गेंदबाजी
चार बच्चों की मां थी मृतक महिला
इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान 45 वर्षीय मंजू देवी निवासी बिहार के रूप में हुई है। मंजू देवी चार बच्चों की मां थी और अपने पति के साथ पिछले दो सालों से गोंदपुर में किराये के मकान में रहते थे। मंजू देवी अपने पति के साथ दिहाड़ी मजदूरी कर अपने बच्चों को पाल रही थी। लेकिन इस हादसे ने चार बच्चों के सिर से उनकी मां का साया हमेशा के लिए उठा दिया है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड- लंदन में होंगे सम्मानित, जानें पूरी खबर
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल महिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें : वर्ल्ड कप जीत की खुशी में CM सुक्खू का बड़ा ऐलान- रेणुका को 1 करोड़ से सम्मानित करेगी सरकार
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह पूरा हादसा पास ही स्थित एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क पार करते समय सतर्क रहें और वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
