#उपलब्धि
October 18, 2025
गर्व का पल: हिमाचल की बेटी शिवानी ने रचा इतिहास, भारतीय हैंडबॉल टीम की बनी कप्तान
विदेशी धरती पर एशियन यूथ गेम्स में भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगी शिवानी
शेयर करें:
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और इसी कड़ी में अब बिलासपुर की शिवानी ने नया इतिहास रच दिया है। जिला बिलासपुर के घुमारवीं उपमंडल की होनहार खिलाड़ी शिवानी को भारतीय महिला हैंडबॉल टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वह बहरीन में होने वाले एशियन यूथ गेम्स 2025 में टीम की अगुवाई करेंगी।
यह पल न केवल शिवानी और उनके परिवार के लिए गर्व का है, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए भी यह एक बड़ी उपलब्धि है। शिवानी का चयन टीम की कप्तान के रूप में उनकी मेहनत, उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
यह भी पढ़ें : दिवाली पर घर आने की टेंशन खत्म, HRTC ने चलाई 257 स्पेशल बसें, लोकल पर लगेगी ब्रेक
शिवानी की इस उपलब्धि की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके स्कूल, कोच और स्थानीय लोग गर्व से फूले नहीं समा रहे। स्कूल प्रबंधन और अकादमी के प्रशिक्षकों का कहना है कि यह सफलता न केवल शिवानी की मेहनत है, बल्कि हिमाचल की बेटियों की मेहनत और संकल्प का प्रतीक है।
शिवानी बहरीन में 19 से 23 अक्टूबर तक होने वाले Asian Youth Games में भाग लेंगी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी का सपना होता है और शिवानी इस सपने को साकार कर चुकी हैं। उन्हें इस ऐतिहासिक अवसर के लिए प्रदेश भर से शुभकामनाएं मिल रही हैं।
यह भी पढ़ें: इंटरकास्ट मैरिज से दुखी भाई ने उजाड़ा बहन का सुहाग, कांड कर हुआ फरार
शिवानी को खेल की प्रेरणा अपने पिता सुशील कुमार से मिली है, जो स्वयं एक कुशल हैंडबॉल खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने बचपन से ही शिवानी को खेल के लिए प्रेरित किया और समर्थन दिया। शिवानी की खेल यात्रा बिलासपुर के मोरसिंघी स्थित हैंडबॉल नर्सरी अकादमी से शुरू हुई, जहां कोच स्नेहलता ने उनकी प्रतिभा को तराशा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बनाने में अहम भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें: दिल्ली से लौट आए CM सुक्खू, दिवाली के बाद प्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव तय- जानें
यह कोई पहला मौका नहीं है जब हिमाचल की बेटी ने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय मंच पर परचम लहराया हो। प्रदेश की बेटियां आज खेल, शिक्षा, विज्ञान, सेना, और प्रशासन जैसे हर क्षेत्र में इतिहास रच रही हैं। शिवानी की यह उपलब्धि न केवल उनके खेल जीवन का अहम मोड़ है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों की बेटियों को भी प्रेरणा देने वाला कदम है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का जवान जम्मू में हुआ शहीद, रिटायरमेंट को बचे थे कुछ माह; 9 साल का है बेटा
शिवानी की कप्तानी की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें बधाई दी और कहा, “यह सिर्फ हिमाचल ही नहीं, पूरे भारतवर्ष के लिए गर्व का विषय है। शिवानी ने यह सिद्ध कर दिया कि हमारी बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।” मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी अपनी शुभकामनाएं साझा कीं और यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा, खेल और करियर को हरसंभव समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।