#राजनीति
October 18, 2025
दिल्ली से लौट आए CM सुक्खू, दिवाली के बाद प्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव तय- जानें
नए मंत्री की नियुक्ति पर लगेगी मुहर
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल कांग्रेस में बड़े फेरबदल के संकेत अब साफ़ दिखाई देने लगे हैं। प्रदेश में दिवाली के बाद न सिर्फ़ नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित होने की संभावना है, बल्कि मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया भी तेज़ हो सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दो दिनों के दिल्ली दौरे से लौट आए हैं, और माना जा रहा है कि उन्होंने पार्टी हाईकमान को संगठन से जुड़ा अपना फीडबैक सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में सीएम सुक्खू ने पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में संगठन में संभावित बदलावों, प्रदेश अध्यक्ष पद पर नए चेहरे के चयन और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति पर भी बात हुई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने होशियार सिंह को नहीं दी पेंशन, हाईकोर्ट ने लगाई फटकार; पूछा- क्यों नहीं हुआ भुगतान
रजनी पाटिल अब दिवाली मनाने महाराष्ट्र लौट गई हैं और उनके दिल्ली वापस आने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भी दिल्ली बुलाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसीलिए माना जा रहा है कि दीपावली के बाद हिमाचल कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
अध्यक्ष पद की रेस में ठियोग के विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर तथा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के नाम सबसे आगे हैं। रोहित ठाकुर ने खुद मीडिया के सामने कहा था कि यदि उन्हें यह जिम्मेदारी मिलती है तो वह पूरी तत्परता से निभाने के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़ें: छोटे से गांव की बेटी आरुषि ने रचा इतिहास, कनाडा में हासिल की बड़ी उपलब्धि
दूसरी ओर, यह भी चर्चा है कि मौजूदा अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को दोबारा कमान सौंपी जा सकती है, खासकर यदि हाईकमान को लगता है कि संगठन में स्थिरता बनाए रखने के लिए उनका अनुभव जरूरी है।
इसी बीच सरकार स्तर पर भी बदलाव की आहट है। मुख्यमंत्री सुक्खू की सरकार के तीन साल पूरे होने वाले हैं और प्रदर्शन के आधार पर मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। लंबे समय से एक मंत्री पद खाली चल रहा है, जिसे भरने की कवायद अब तेज़ हो गई है। बताया जा रहा है कि कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री पद मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे पेंशनर, डीए चोर गद्दी छोड़ के लगाए नारे
हालांकि अंतिम निर्णय हाईकमान के पाले में है, और संगठन में बदलाव के बाद ही नए मंत्री की नियुक्ति पर मुहर लगेगी। अंदरखाते यह भी चर्चा है कि मुख्यमंत्री कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल कर सकते हैं ताकि सरकार की परफॉर्मेंस और प्रभाव दोनों को संतुलित किया जा सके।