#उपलब्धि
February 4, 2026
हिमाचल : अपने इलाके से पहले ब्रिगेडियर बने सुनील, बूढ़ी मां गदगद; खुशी में घर-घर बांटी मिठाई
सुनील मे दिवंगत पिता का सपना किया पूरा
शेयर करें:

हमीरपुर। वीरभूमि कहलाए जाने वाले हिमाचल के हमीरपुर जिले ने एक बार फिर देशसेवा और पराक्रम की मिसाल पेश की है। टौणीदेवी तहसील के चाहड़ गांव निवासी सुनील कुमार चौहान, भारतीय सेना में पदोन्नत होकर ब्रिगेडियर बने हैं।
यह उपलब्धि इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि वे टौणीदेवी क्षेत्र के पहले अधिकारी हैं- जिन्होंने भारतीय सेना में ब्रिगेडियर का रैंक हासिल किया है। उनकी इस कामयाबी से न केवल चौहान परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व, खुशी और उत्साह का माहौल है।
ब्रिगेडियर सुनील कुमार चौहान की इस उपलब्धि की जानकारी उनके बड़े भाई संजीव चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि यह पदोन्नति भाई की वर्षों की कठिन मेहनत, कठोर अनुशासन और देशसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिणाम है।
संजीव चौहान के अनुसार, परिवार ने हमेशा सेना के मूल्यों कर्तव्य, सम्मान और अनुशासन को जीवन का आधार माना, और उसी सोच ने सुनील कुमार चौहान को इस मुकाम तक पहुंचाया।
इस उपलब्धि से उनकी माता विद्या देवी बेहद प्रसन्न हैं। बेटे की सफलता ने उनके चेहरे पर गर्व की चमक ला दी है। परिवार के लिए यह पल भावनात्मक भी है, क्योंकि संजीव चौहान के पिता स्वर्गीय मेहर सिंह का सपना था कि उनका बेटा देश की सेवा में ऊंचा मुकाम हासिल करे और आज वह सपना साकार हुआ है।
जैसे ही ब्रिगेडियर बनने की खबर चाहड़ गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की। गांव के बुजुर्गों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताया, वहीं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी और सेना में जाने का जज्बा और मजबूत करेगी।
संजीव चौहान ने बताया कि ब्रिगेडियर सुनील कुमार चौहान के गांव आगमन पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके लिए गांव स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समारोह को यादगार बनाने के लिए गांव के लोग, युवा वर्ग और पूर्व सैनिक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और पूर्व सैनिक शामिल होंगे, ताकि इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सामूहिक रूप से सम्मान दिया जा सके।
ब्रिगेडियर सुनील कुमार चौहान की पदोन्नति पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी बधाइयों का सिलसिला जारी है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए इसे हमीरपुर जिले और पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात बताया। दोनों नेताओं ने कहा कि ऐसे अधिकारी देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
गौरतलब है कि हमीरपुर जिला पहले से ही वीर सैनिकों की भूमि के रूप में जाना जाता है। यहां से बड़ी संख्या में युवा सेना में सेवाएं दे चुके हैं और दे रहे हैं। ब्रिगेडियर सुनील कुमार चौहान की यह उपलब्धि इस गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करती है। उनकी पदोन्नति से न केवल क्षेत्र का मान बढ़ा है, बल्कि चाहड़ गांव का नाम भी देशभर में रोशन हुआ है।
![]()
क्षेत्र के लोगों का मानना है कि ब्रिगेडियर सुनील कुमार चौहान की सफलता युवाओं को अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। यह उपलब्धि बताती है कि छोटे गांवों से निकलकर भी देश की सेवा में सर्वोच्च पदों तक पहुंचा जा सकता है-बस लगन और समर्पण की जरूरत होती है।