#उपलब्धि

September 29, 2025

विक्रमादित्य के लिए लक्की साबित हुई अमरीन: शादी होते ही मिली अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि, लंदन में होंगे सम्मानित

मंत्री विक्रमादित्य सिंह का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स यूके लंदन में दर्ज

शेयर करें:

Vikramaditya singh

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में युवा और ऊर्जावान चेहरे के रूप में पहचान बना चुके लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण विभाग का जिम्मा संभाल रहे मंत्री विक्रमादित्य सिंह का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स यूके लंदन में दर्ज किया गया है।

 

यूनाइटेड किंगडम की संस्था वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन ने उन्हें “यूथ आइकॉन और इंटेलेक्चुअल पॉलिटिक्स” वर्ग में शामिल कर सम्मानित करने का निर्णय लिया है। शादी के बाद विक्रमादित्य सिंह के जीवन में यह उपलब्धि किसी सौभाग्य की तरह आई है। उनकी पत्नी अमरीन कौर उनके लिए लक्की साबित हुई हैं। इस उपलब्धि के साथ उनका नाम अब आधिकारिक तौर पर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस की बड़ी सफलता: करोड़ों का चिट्टा पकड़ा, अब तक की सबसे बड़ी खेप

शिमला में सौंपा गया सम्मान

रविवार को शिमला स्थित उनके आवास पर संस्था की ओर से सुमित सिंगला ने उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से संबंधित प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और मैगज़ीन भेंट की। इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने इसे अपने लिए बड़ी जिम्मेदारी और प्रेरणा बताया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: हॉस्टल की 5वीं मंजिल से कूद गई 16 साल की लड़की, जानें किस बात का है शक ?

क्यों चुने गए विक्रमादित्य सिंह

संस्था के प्रतिनिधि सुमित सिंगला ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह ने न केवल प्रदेश के युवाओं में नई ऊर्जा और सोच को जन्म दिया है, बल्कि अपने नेतृत्व कौशल से एक प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्तित्व के रूप में भी पहचान बनाई है। हाल ही में प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान उन्होंने जिस तरह सक्रिय और कर्मठ भूमिका निभाई, वह उनके नेतृत्व की क्षमता को और मजबूत करता है। इन्हीं कारणों से उन्हें यूथ आइकॉन और इंटेलेक्चुअल पॉलिटिक्स श्रेणी में चयनित कर यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक की टक्कर से थमीं स्कूटी सवार महिला की सांसें, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; पीछे रह गए 2 बच्चे

ब्रिटिश संसद में होगा सम्मान समारोह

सुमित सिंगला ने बताया कि जल्द ही लंदन स्थित ब्रिटिश संसद में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय समारोह में विक्रमादित्य सिंह को औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि संस्था ने हिमाचल प्रदेश में भी निकट भविष्य में एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।

विक्रमादित्य सिंह की लोकप्रियता

गौरतलब है कि विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के पुत्र हैं और वर्तमान कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता उन्हें प्रदेश की राजनीति में एक अलग पहचान दिलाती है। वे प्रदेश के सबसे लोकप्रिय युवा नेताओं में गिने जाते हैं और उन्हें भविष्य का बड़ा राजनीतिक चेहरा माना जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'कमीशनखोर प्रधान' का ऑडियो वायरल: बोली- हर टिप्पर के ₹500 लूंगी..

विक्रमादित्य सिंह की प्रतिक्रिया

इस उपलब्धि पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विक्रमादित्य सिंह ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स यूके लंदन के सीईओ संतोष शुक्ल और सुमित सिंगला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि हिमाचल प्रदेश और यहां के युवाओं की आकांक्षाओं को समर्पित है।

22 सितंबर को हुई थी विक्रमादित्य की शादी

बता दें कि हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अभी हाल ही में 22 सितंबर को अमरीन शेखों के साथ चंडीगढ़ में शादी हुई है। विक्रमादित्य सिंह की यह दूसरी शादी है। उनकी पत्नी  अमरीन शेखों पंजाब यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। ऐसे में शादी के मात्र 6 दिन बाद ही विक्रमादित्य सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि हासिल हुई है। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख