#हादसा
September 23, 2025
हिमाचल: मेरी दुनिया उजड़ गई... अब किसके लिए जिऊं... बेटे की देह देख फूट-फूट कर रोया पिता
चंबा में हुए दर्दनाक हादसे में एक इंटर्न डॉक्टर की हुई थी मौत
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को पल भर में गम में बदल दिया। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर परेल के पास एक कार अनियंत्रित होकर रावी नदी में जा गिरी, जिसमें मेडिकल कॉलेज चंबा के प्रशिक्षु चिकित्सक (इंटर्न) अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गईए जबकि एक अन्य इंटर्न इशिका अब तक लापता है। दो अन्य इंटर्न्स, दिव्यांक और रिशांत, गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतक अखिलेश हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के गांव लफ्रांण का रहने वाला था। पिता राजकुमार एक निजी स्कूल चलाते हैं और मां सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं। अखिलेश परिवार की उम्मीदों का केंद्र था। एक होनहार बेटा जिसने अपनी मेहनत से मेडिकल कॉलेज में दाखिला पाया था और अब डॉक्टर बनने की दहलीज पर था। पांच साल पहले जब राजकुमार ने अपने बेटे को चंबा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया था, तो आंखों में बड़े-बड़े सपने थे।
यह भी पढ़ें : मुकेश अग्निहोत्री ने IAS सचिन से की अपनी इकलौती बेटी आस्था की सगाई, जानें कब बनेगी दुल्हन!
बीते रोज सोमवार को जब वह उसी कॉलेज में बेटे का शव लेने पहुंचे, तो वे टूट चुके थे। अस्पताल परिसर में जब उन्होंने अपने बेटे के निर्जीव शरीर को देखा, तो खुद को संभालना मुश्किल हो गया। स्ट्रेचर से लिपटकर वे बिलख पड़े। मेरी तो दुनिया ही लुट गई मैं अपने बेटे के डॉक्टर बनने का सपना लेकर आया था, अब उसका शव ले जा रहा हूं।
यह भी पढ़ें : BREAKING हिमाचल: यमुनाघाट में नहाने उतरे दो भाईयों सहित तीन युवक डूबे, 20 से 23 साल है उम्र
बेटे का शव देख कर पिता फूट फूट कर रोया। मानों उनके सारे सपने ही टूट गए हों। पिता ने कहा कि वह पांच साल पहले यहां अपने बेटे का दाखिला करवाने आया था और उसके बाद आज उसी कॉलेज से अपने बेटे के शव को लेने आना पड़ा। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे एक दिन ऐसा कुछ भी देखने को मिलेगा।
हादसे की दूसरी पीड़िता इशिका जिला शिमला के हाटकोटी की रहने वाली है, जो अब तक लापता है। इशिका के पिता विजय कुमार जो गणित के लेक्चरर हैं दिनभर रावी नदी के किनारे भटकते रहे। उनकी आंखों में एक उम्मीद, की शायद उन्हें बेटी सही सलामत मिल जाएगी। विजय कुमार की पथराई आंखें मानो रावी नदी से मिन्नतें कर रही हों की उसकी बेटी को लौटा दे।
प्रशासन की ओर से सोमवार को व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस, अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ की टीमें, स्थानीय गोताखोर और ड्रोन की मदद से परेल से राजनगर तक करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में तलाशी ली गई। यहां तक कि चमेरा-एक जलाशय में भी प्रयास किए गए, लेकिन तेज बहाव और मटमैले पानी के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि सर्च अभियान मंगलवार को फिर से जारी रहेगा। हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं कि लापता युवती का जल्द से जल्द पता चल सके।
शनिवार की रात अखिलेश का जन्मदिन था। दोस्तों ने मिलकर बालू नामक स्थान पर उसका जन्मदिन मनाया। जन्मदिन की खुशी मनाकर जब चारों दोस्त तड़के करीब तीन बजे परेल की ओर लौट रहे थे, तो अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर रावी में जा गिरी। यह स्थान दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील है और सड़क की हालत काफी खराब बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुधार के नाम पर कुछ नहीं हुआ।