#हादसा
November 5, 2025
हिमाचल : एक साथ ज*ली दो चिताएं- पोती के ससुराल से घर वापस लौट रहा था दादा
दुल्हन के पिता समेत चार लोग PGI चंडीगढ़ रेफर
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक खुशियों से भरा घर कुछ पलों में ही शोक में डूब गया।अमनेड़ गांव में सोमवार देर शाम बेटी की शादी के बाद घर लौट रहे परिजनों की कार टियाले दा घट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में जहां दुल्हन के दादा और रिश्तेदार की मौत हो गई। वहीं उसके पिता समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
अमनेड़ निवासी 89 वर्षीय दुनी चंद अपनी पोती के ससुराल से परिवार और रिश्तेदारों के साथ लौट रहे थे। पोती की बारात उसी दिन सुबह अमनेड़ पहुंची थी और उसके बाद परिवार शादी से जुड़े अन्य रस्मों में शामिल होने धंगोटा गया था।
पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल था। लेकिन देर शाम जब उनका वाहन टियाले दा घट के करीब पहुंचा, तभी यह कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैरापिट से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा बोल्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को कार से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दुनी चंद और 60 वर्षीय रघुवीर सिंह ने दम तोड़ दिया। घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें देर रात PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
दुनी चंद के घर में हाल ही में पोती की शादी के चलते टेंट अभी तक नहीं उतारा गया था। परिवार शादी की रस्मों और मेहमानों की विदाई में लगा हुआ था। लेकिन अचानक आई इस त्रासदी ने पूरे माहौल को बदल दिया। मंगलवार को जब दुनी चंद और रघुवीर सिंह की चिताएं एक साथ जलीं, तो पूरे गांव की आंखें नम थीं।
ग्रामीणों ने बताया कि दुनी चंद गांव के सबसे बुजुर्ग और सम्मानित व्यक्तियों में से एक थे। रघुवीर सिंह भी शांत स्वभाव और समाजसेवा के लिए जाने जाते थे। दोनों की एक साथ विदाई गांव के लिए गहरा आघात है।
घायलों में दुनी चंद का बेटा अनिल कुमार, बेटियां सुदेश कुमारी, अनीता राणा, और दामाद प्यार चंद शामिल हैं। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है, और डॉक्टर लगातार उपचार में जुटे हैं। परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण चंडीगढ़ में मौजूद हैं।
SP हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत और चार लोग गंभीर घायल हुए हैं। मामला दर्ज कर दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे वाली जगह पर मोड़ काफी तीखा है और रात के समय वाहन अक्सर वहां से गुजरते हुए अनियंत्रित हो जाते हैं।
ग्राम पंचायत ताल के प्रधान पवन धीमान ने कहा यह बेहद दुखद घटना है। जो परिवार कल तक खुशियों में डूबा था, आज उस पर दुख का पहाड़ टूट गया है। पूरा गांव पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल जल्द स्वस्थ हों।