#रोजगार

May 30, 2026

हिमाचल में पंचायत चुनाव खत्म, अब सुक्खू सरकार 6200 पदों पर शुरू करेगी भर्ती; मिलेगी सरकारी नौकरी 

पंचायत चुनावों के लिए लगी आचार संहिता के चलते रूकी थी भर्ती, अब पकड़ेगी रफ्तार

शेयर करें:

Govt job News

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों का दौर अब समाप्त हो चुका है और इसके साथ ही लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। चुनावों के चलते लागू आदर्श आचार संहिता के कारण रुकी हुई भर्ती प्रक्रियाओं को अब सुक्खू सरकार दोबारा रफ्तार देने जा रही है। प्रदेश सरकार जल्द ही करीब 6200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है, जिससे सरकारी नौकरी का सपना देख रहे हजारों युवाओं को बड़ा अवसर मिलने वाला है।

 

सूत्रों के अनुसार, आचार संहिता हटते ही शिक्षा विभाग सबसे पहले भर्ती अभियान का आगाज करेगा। इसके लिए विभागीय स्तर पर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अब केवल औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

145 सीबीएसई स्कूलों में भरे जाएंगे हजारों पद

प्रदेश के 145 सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में लंबे समय से शिक्षकों के कई पद खाली पड़े हैं। इन्हीं रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार बड़े स्तर पर नियुक्तियां करने जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब 6200 शिक्षकों की तैनाती की जाएगी, जिससे न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी की समस्या भी काफी हद तक दूर होगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: दलित के घर में किया डिनर, लोगों ने ‘देव समाज का अपमान’ बताया- वीडियो वायरल

चुनावों के कारण रुकी थी भर्ती प्रक्रिया

पंचायत चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई थी। इसके चलते कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसलों के साथ-साथ भर्ती प्रक्रियाएं भी रोक दी गई थीं। अब चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सरकार लंबित मामलों को तेजी से निपटाने में जुट गई है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर पहले ही व्यापक तैयारियां कर ली गई थीं, लेकिन आचार संहिता के कारण इसे आगे नहीं बढ़ाया जा सका। अब चुनाव खत्म होते ही इस पर तेजी से काम शुरू होगा।

काउंसिलिंग के लिए तैयार किया गया पूरा प्लान

शिक्षा विभाग ने नियुक्तियों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विस्तृत योजना तैयार की है। शिमला में कई काउंसिलिंग केंद्र बनाए गए हैं, जहां चयनित अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें भी गठित की गई हैं, जो भर्ती प्रक्रिया की निगरानी करेंगी ताकि किसी प्रकार की परेशानी या देरी न हो।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बारिश में खुली चुनावी व्यवस्थाओं की पोल, कहीं मोबाइल की रोशनी... कहीं जेनरेटर के सहारे डाले वोट

इन श्रेणियों में होगी भर्ती

सरकार जिन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है, उनमें प्रवक्ता, टीजीटी, सी एंड वी, जेबीटी, डीपीई और पीईटी सहित विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल हैं। इससे प्रदेशभर के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

युवाओं में बढ़ी उम्मीदें

लंबे समय से सरकारी भर्तियों का इंतजार कर रहे युवाओं के बीच इस खबर को लेकर उत्साह का माहौल है। रोजगार की राह देख रहे हजारों अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सरकार जल्द ही भर्ती कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा करेगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: 16 साल की लड़की को पिलाई थी शराब, फिर दो ने लूटी इज्जत- अब ये सजा मिली

रोजगार के मोर्चे पर बड़ा कदम मानी जा रही पहल

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि 6200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी होती है तो यह प्रदेश के हालिया वर्षों के सबसे बड़े भर्ती अभियानों में से एक होगी। इससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ बेरोजगारी कम करने में भी मदद मिलेगी। पंचायत चुनावों की समाप्ति के बाद अब प्रदेश के युवाओं की नजरें सुक्खू सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा ऐलान किया जा सकता है और सबसे पहले 6200 पदों को भरने की कवायद शुरू होगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख