#हादसा
October 6, 2025
हिमाचल ने एक साथ खोए दो वीर जवान : त्योहार पर छुट्टी लेकर आ रहे थे घर- पहुंची देह
दो परिवारों ने खोए 24 और 26 वर्षीय बेटे- मची चीख-पुकार
शेयर करें:
कांगड़ा/मंडी/सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के दो परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है। दो परिवारों ने अपने जवान बेटों को एक भयानक सड़क हादसे में खो दिया है। दोनों बेटे फौज में थे और त्योहर पर छुट्टी लेकर घर आ रहे थे।
इस हादसे ने दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में जहां जहां माता-पिता का इकलौता सहारा छिन गया है। वहीं, करवाचौथ से महज तीन दिन पहले महिला का सुहाग उजड़ गया है।
बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय फौजी धमेश्वर दत्त अपने दो अन्य साथियों के साथ कार से घर आ रहे थे। धमेश्वर के दोनोंं अन्य साथी भी हिमाचल से ही संबंध रखते हैं। इस हादसे में धमेश्वर के एक साथी 24 वर्षीय कुलदीप की मौत हो गई है। जबकि, तीसरा साथी आशीष निवासी पांवटा साहिब, सिरमौर गंभीर रूप से घायल है।
फौजी धमेश्वर दत्त अपने माता-पिता का इकलौता सहारा थे। इकलौते बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। माता-पिता बेटे के घर आने के खबर से बेहद खुश थे और उसके आने की राह देख रहे थे। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
धमेश्वर शादीशुदा थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। धमेश्वर का बड़ा बेटा 3 साल का है और छोटी बेटी महज 8 महीने की है। इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। धमेश्वर की पत्नी और माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि उनका बेटा धमेश्वर हिमाचल के ही रहने वाले अपने दो अन्य साथियों के साथ फिरोजपुर से छुट्टियां बिताने घर लौट रहे था। शनिवार शाम को श्री चमकौर साहिब रूपनगर लुधियान रोड पर सामने आ रही एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी के साथ कार की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के वक्त धमेश्वर के साथ उसके दो और साथी सवार थे। इस हादसे में धमेश्वर और उसके एक साथ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, तीसरे साथी की हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं।
सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
दोनों सैनिकों का उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल होंगे और वीर जवानों को नम आंखों से अंतिम विदाई देंगे। सैनिकों की असमय मौत के बाद दोनों परिवार और गांव स्तब्ध हैं।