#हादसा

January 26, 2026

हिमाचल : बर्फबारी में भरमाणी माता के दर्शन को निकले दो भाई- हुए लापता, परिजनों की बढ़ी चिंता

19 और 13 साल है दोनों लड़कों की उम्र

शेयर करें:

Chamba News

चंबा। हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बीच चंबा जिले के भरमौर से एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। जनजातीय उपमंडल भरमौर में भरमाणी माता मंदिर के दर्शन के लिए निकले दो स्थानीय लड़के रहस्यमय हालात में लापता हो गए हैं।

बर्फबारी के बीच दो लड़के लापता

देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन अब तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटों के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उनके परिजन बेहद परेशान हैं और बेटों के सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल शर्मसार: बोल-सुन न सकने वाली पोती से दादा ने की हैवानियत, कोर्ट ने सुनाई 25 साल की सजा

भरमाणी माता के दर्शन को निकले थे 2 लड़के

जानकारी के अनुसार, दोनों लड़के कल सुबह गांव से पैदल ही भरमाणी माता मंदिर की ओर रवाना हुए थे। उनका उद्देश्य मंदिर में माथा टेकने के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्र में वीडियो शूट करना था। मौसम खराब होने के बावजूद वे दर्शन के लिए निकल पड़े, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी राह मुश्किल बना दी।

दोपहर तक संपर्क में थे

लापता लड़कों की पहचान मलकौता गांव निवासी 19 वर्षीय विकसित राणा और उसके 13 वर्षीय ममेरे भाई पीयूष के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर बाद तक विकसित राणा का मोबाइल फोन चालू था और उससे संपर्क भी हो रहा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस अधिकारियों को प्रमोशन का तोफहा- IPS शालिनी अग्निहोत्री समेत 6 बने DIG

फिर बंद हुआ मोबाइल

इसके बाद अचानक दोनों के फोन बंद आने लगे। जैसे-जैसे समय बीतता गया और शाम ढलने लगी, परिजनों की चिंता बढ़ती चली गई। देर शाम तक युवकों के घर न लौटने पर गांव में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों ने खुद संभाली तलाश की कमान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मलकौता और आसपास के गांवों के ग्रामीण तुरंत सक्रिय हो गए। भारी बर्फबारी और ठंड के बावजूद ग्रामीणों ने भरमाणी माता मंदिर के आसपास की धारों, पगडंडियों, जंगलों और संभावित मार्गों पर देर रात तक खोजबीन की। हालांकि मौसम की खराबी और अंधेरे के कारण तलाश अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बर्फबारी : 563 सड़कें बंद, हजारों पर्यटक फंसे- कई इलाकों में ब्लैकआउट

प्रशासन से सर्च ऑपरेशन की मांग

ग्राम पंचायत सचूईं के उपप्रधान मानक चंद राणा ने इस घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, ऐसे में दोनों युवकों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है। उपप्रधान ने पुलिस, होमगार्ड और पर्वतीय बचाव दल की संयुक्त टीम बनाकर तलाश अभियान चलाने की अपील की है।

मौसम बना सबसे बड़ी चुनौती

भरमौर क्षेत्र में शुक्रवार से लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे रास्ते फिसलन भरे और खतरनाक हो गए हैं। भरमाणी माता मंदिर का मार्ग ऊंचाई वाला और दुर्गम माना जाता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि भारी बर्फ के कारण युवक रास्ता भटक गए हों या किसी सुरक्षित स्थान पर रुकने को मजबूर हो गए हों।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से दूध लेने निकली थी 2 सगी बहनें, रास्ते में दरकी पहाड़ी- एक की दबने से मौ.त

चिंता में पूरा परिवार

फिलहाल, परिजन और ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका के बीच सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से सर्च ऑपरेशन शुरू किए जाने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि दोनों युवकों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख