#हादसा
July 31, 2025
हिमाचल में 150 फीट गहरी खाई में गिरी निजी बस, एक महिला स्वर्ग सिधारी; कई घायल
घटना के बाद घायलों की चीख पुकार से दहला उठा क्षेत्र
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आज गुरुवार शाम को एक बेहद ही दर्दनाक हादसा पेश आया। हादसे में एक निजी बस सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय में चालक और परिचालक सहित 10 लोग सवार थे। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। गोहर उपमंडल में हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
बताया जा रहा है कि जहल से मंडी की ओर जा रही एक निजी बस तुना नामक क्षेत्र में कसावरी नाला के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक और परिचालक समेत 9 लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 'लॉटरी योजना' को मंजूरी, प्रदेश की आर्थिकी सुधारने को सुक्खू सरकार ने लिया बड़ा फैसला
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5:45 बजे यह हादसा उस समय हुआ जब निजी बस पहाड़ी मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और सीधे गहरी खाई में जा समाई। बस में कुल 10 यात्री सवार थे, जिनमें 4 पुरुष और 6 महिलाएं थीं। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख.पुकार मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का जवान हुआ शहीद: डेढ़ साल का है बेटा; एक माह पहले बने थे लेफ्टिनेंट कर्नल
सूचना मिलते ही गोहर पुलिस स्थानीय प्रशासन और 108 एंबुलेंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले गोहर अस्पताल लाया गया, बाद में कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी कर्मचारी का चल रहा था एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर, रेस्ट हाउस में पड़ा मिला
इस दुर्घटना में निर्मला देवी पत्नी किशोरी राम निवासी गांव नौंन की मौत हो गई है।
जैसे ही प्रशासन को हादसे की जानकारी मिली, तहसीलदार की अगुवाई में राहत कार्य शुरू किया गया। मृतका के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए की फौरी राहत दी गई है। जबकि घायलों को पांच पांच हजार की राहत राशि उपलब्ध करवाई गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर से पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और परिवहन विभाग की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कसावरी नाला के पास सड़क बेहद संकरी और खस्ताहाल है, जिसकी ओर न तो लोक निर्माण विभाग ध्यान दे रहा है और न ही परिवहन कंपनियां उचित सावधानी बरत रही हैं।
गोहर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है] लेकिन पुलिस अधिकारी मामले की तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि करने की बात कह रहे हैं।