#यूटिलिटी
May 31, 2026
हिमाचल के 10 जिलों में मौसम का यलो अलर्ट : तेज आंधी-तूफान के साथ जमकर बरसेंगे बादल
हिमाचल में लगातार तीसरे दिन बरस रहे बादल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पिछले तीन दिनों से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है- जिससे गर्मी से राहत तो मिली है। मगर लोगों की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
मौसम विभाग ने आज भी लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के अन्य 10 जिलों में आंधी और तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही बादलों की गरज और हल्की से मध्यम बारिश का दौर भी जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि होने की भी आशंका जताई है। पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से करवट बदल सकता है, इसलिए किसानों और बागवानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। फलदार पौधों और सब्जी फसलों को ओलावृष्टि से नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। कई स्थानों पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। वहीं दो जून को ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। तीन और चार जून के दौरान इसके प्रभाव में कुछ कमी आने की संभावना है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत शांत रह सकता है। हालांकि यह राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिकेगी।
पूर्वानुमान के अनुसार पांच जून से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से प्रदेश में फिर से बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है।
लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में दिन और रात दोनों के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले मैदानी और निचले क्षेत्रों में गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी, वहीं अब मौसम काफी सुहावना हो गया है।
रात के तापमान में भी कमी आई है और कई स्थानों पर पारा सामान्य स्तर से नीचे पहुंच गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग ने किसानों, बागवानों और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और सड़कों पर फिसलन बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले पर्यटकों को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। फिलहाल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम के उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहने की संभावना है।