#यूटिलिटी
July 19, 2025
हिमाचल से मात्र 75 रुपए में हरिद्वार पहुंचाएगी यह ट्रेन, अनुराग ठाकुर ने किया रेल सेवा का शुभारंभ
हिमाचल को अंब अंदौरा से सीधे हरिद्वार तक रेल सेवा की मिली सौगात
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी ही राहत भरी खबर सामने आई है। यूं कहें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयास रंग लाने लगे हैं। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से लोग अब हरिद्वार का सफर मात्र 75 रुपए में तय कर पाएंगे। यह सफर रेल के माध्यम से किया जा सकेगा। आज ऊना जिले के अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से सीधे हरिद्वार तक रेल सेवा की सौगात मिल गई है। लंबे समय से चली आ रही जनता की मांग के बाद आखिरकार इस बहुप्रतीक्षित रेल सेवा का शुभारंभ कर दिया गया।
आज शनिवार को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऊना रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन अंब से हर दिन दोपहर 1:34 बजे रवाना होगी और यात्रियों को महज 75 रुपए में अंब से हरिद्वार तक पहुंचाएगी। इस ट्रेन के संचालन से अंब, ऊना व आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ कांगड़ा के सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को विशेष लाभ होगा। रेलवे प्रशासन ने मेमू ट्रेन संख्या 64511/64512 का विस्तार करते हुए इसे अंब-अंदौरा स्टेशन से चलाने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें : दिशा बैठक में अधिकारियों से नाखुश दिखे अनुराग ठाकुर, निर्माण कार्यों में देरी पर लगाई क्लास
इस अवसर पर ऊना रेलवे स्टेशन परिसर में एक सादे समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों, रेलवे अधिकारियों, भाजपा जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास, पूर्व विधायक बलबीर सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। पूर्व विधायक बलबीर सिंह और अन्य कार्यकर्ताओं ने इस सेवा को शुरू करने की मांग सांसद अनुराग ठाकुर के समक्ष रखी थी, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर रेल सेवा शुरू करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भ्रष्टाचार की नई मिसाल: JCB की जगह स्कूटी से बना दी सड़कें; पंचायत प्रधान निलंबित
इस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने रेलवे के अंबाला डिवीजन के डीआरएम विनोद भाटिया के साथ बैठक कर ऊना जिले में रेलवे सेवाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नई दिशा देगी।
सांसद अनुराग ठाकुर ने ऊना रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन को हिमाचली कला, संस्कृति और सौंदर्यबोध के अनुरूप विकसित किया जाएगा। उन्होंने स्टेशन के प्रवेश व निकास बिंदुओं, जन सुविधाओं, कैंटीन, शौचालय आदि की स्थिति सुधारने के साथ-साथ भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की व्यवस्था के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल आपदा का दर्द देखने आ रही केंद्र की टीम: अमित शाह के दौरे की भी उम्मीद, जानें क्या बोले CM सुक्खू
अनुराग ठाकुर ने यह भी घोषणा की कि मार्च 2026 से पहले ऊना से चलने वाली हिमाचल एक्सप्रेस में सभी नए कोच जोड़े जाएंगे और इस ट्रेन सहित ऊना से संचालित सभी रेलगाड़ियों में शौचालय सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने जानकारी दी कि अगले डेढ़ वर्ष के भीतर इस रेल लाइन को पंजाब के तलवाड़ा तक जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय मिलकर कार्य कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने बताया कि इस दिशा में उन्होंने पंजाब सरकार के साथ भी कई दौर की वार्ता की है। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है और हिमाचल को देश के अन्य हिस्सों से रेल के माध्यम से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।