#यूटिलिटी

August 31, 2026

हिमाचल में आज रात 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कल 7 जिलों में बरसेगी आफत

हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी ने उड़ाई लोगों की नींद

शेयर करें:

Himachal Pradesh weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ रहने के बाद अब एक बार फिर आसमान से आफत बरसने का खतरा मंडरा रहा है। भारी बारिश की चेतावनी ने लोगों की नींद उड़ा दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में सक्रिय होने जा रहे स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस को देखते हुए अगले कुछ दिनों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

 

आज रात से मौसम एक बार फिर करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने चंबा, सिरमौर, बिलासपुर और कांगड़ा में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी मंगलवार सुबह 6 बजे तक लागू रहेगी। ऐसे में इन जिलों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

आज रात 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज रात से स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। चंबा, सिरमौर, बिलासपुर और कांगड़ा में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन और स्थानीय लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: डॉक्टरों की मनमानी पर सरकार का डंडा- मनचाही पोस्टिंग बंद, शहर से बाहर देनी होगी ज्वाइनिंग

मंगलवार को 7 जिलों में येलो अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट के बाद मंगलवार को भी बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यानी अगले 24 घंटे हिमाचल के कई जिलों के लिए मौसम के लिहाज से बेहद अहम रहने वाले हैं। खासकर पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

3 सितंबर तक कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 2 सितंबर को कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 3 सितंबर को कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट रहेगा।
इससे साफ है कि प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम पूरी तरह शांत रहने वाला नहीं है। बारिश का असर कई इलाकों में देखने को मिल सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में उठेगा मंजू शर्मा मौ*त मामला- डॉक्टरों पर आरोप, विपक्ष के निशाने पर सरकार

पहले मौसम रहा साफ, अब फिर मंडराया खतरा

हैरानी की बात यह है कि सोमवार को दिन के समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम काफी हद तक साफ रहा। हालांकि बीती रात कांगड़ा, शिमला और सिरमौर के कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। कांगड़ा में सबसे ज्यादा 70.4 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 66 मिलीमीटर और शिमला में 59.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रात की बारिश के बाद शिमला के खलीणी में एक बड़ा पेड़ दो वाहनों पर जा गिरा। इसके अलावा प्रदेश में 75 सड़कें और 72 पेयजल योजनाएं प्रभावित बताई गई हैं।

सड़कों और पेयजल योजनाओं पर बारिश की मार

लगातार बदल रहे मौसम के बीच प्रदेश में सड़क और पेयजल व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। कई मार्गों के बंद होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है, जबकि पेयजल योजनाओं के प्रभावित होने से कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति भी बाधित हुई है। अब नए मौसम अलर्ट के बाद प्रशासन के सामने इन प्रभावित सेवाओं को बहाल करने के साथ-साथ नए नुकसान को रोकने की चुनौती भी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बिना बारिश दरका पहाड़, भूस्खलन से 200 मीटर सड़क का मिट गया नामोनिशान; मचा हड़कंप

बारिश के साथ आंधी और बिजली भी डराएगी

मौसम विभाग ने सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। 31 अगस्त से 3 सितंबर के दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति में करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा।

पूरे मानसून सीजन में 11 फीसदी कम बारिश

एक तरफ प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की जा रही है, वहीं इस मानसून सीजन में हिमाचल सामान्य बारिश से पीछे चल रहा है। 1 जून से 30 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 608.7 मिलीमीटर रहती है, जबकि इस बार अभी तक 542.2 मिलीमीटर बारिश हुई है।

 

यह भी पढ़ें : कर्मचारियों-पेंशनरों के लिए बड़ी खबर: जल्द मिलेगा DA और 35% एरियर; सीएम सुक्खू ने किया ऐलान

4 सितंबर के बाद कमजोर पड़ सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद 5 और 6 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। यानी फिलहाल हिमाचल को बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आज रात का ऑरेंज अलर्ट और मंगलवार का सात जिलों में येलो अलर्ट प्रदेश के लिए मौसम की नई चुनौती लेकर आया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख