#विविध
August 31, 2026
हिमाचल: डॉक्टरों की मनमानी पर सरकार का डंडा- मनचाही पोस्टिंग बंद, शहर से बाहर देनी होगी ज्वाइनिंग
14 डॉक्टरों के मामलों पर सचिवालय सख्त
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में मनचाही पोस्टिंग हासिल करने और तबादला रुकवाने की कोशिशों पर अब सचिवालय ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। अगस्त में किए गए मेडिकल ऑफिसरों के तबादलों की अंदरूनी समीक्षा के बाद 14 मामलों को जांच के दायरे में लिया गया है। समीक्षा के बाद विवादित तबादलों और कैंसिलेशन से जुड़े आदेश वापस लेने का फैसला किया गया है।
सबसे बड़ा संदेश उन डॉक्टरों के लिए है, जिन्होंने तबादला होने के बावजूद नई जगह पर ज्वाइन नहीं किया है। सचिवालय स्तर पर साफ किया गया है कि आदेश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई से लेकर चार्जशीट तक की कार्रवाई हो सकती है।
21 से 25 अगस्त के बीच स्वास्थ्य सचिवालय के कार्मिक और मानव संपदा विंग ने तबादलों से जुड़े मामलों की समीक्षा की। इस दौरान ऐसे मामले सामने आए, जिनमें तबादला आदेश जारी होने के बावजूद संबंधित मेडिकल ऑफिसर नई तैनाती वाली जगह पर नहीं पहुंचे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून का रौद्र रूप: सड़कें बनीं दरिया- हवा में लटक गया रेल ट्रैक, अगले 4 दिन अलर्ट
कुछ मामलों में पुराने स्टेशन से रिलीविंग और नई जगह ज्वाइनिंग की प्रक्रिया तक पूरी नहीं हुई। इसके बाद तबादला आदेश को रुकवाने या उसे रद करवाने की कोशिशें किए जाने की बात भी सामने आई।
स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से एक बड़ा मुद्दा यह रहा है कि डॉक्टर ग्रामीण और दुर्गम इलाकों के बजाय शहरी या सुविधाजनक स्टेशनों पर तैनाती चाहते हैं। दूसरी ओर, दूरदराज के स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी बनी रहती है।
सरकार का ताजा रुख इसी समस्या पर चोट करता नजर आ रहा है। संदेश साफ है कि तबादला आदेश जारी होने के बाद अपनी सुविधा के हिसाब से पोस्टिंग बदलवाने की कोशिश नहीं चलेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: परिवार ने खो दिया 16 साल का बेटा, घर से ट्यूशन के लिए निकला था, अगले दिन इस हाल में मिला
सचिवालय की समीक्षा के बाद विभाग में यह संकेत गया है कि केवल प्रभाव या सिफारिश के आधार पर ट्रांसफर रुकवाने की कोशिशों को अब आसानी से मंजूरी नहीं मिलेगी। जारी आदेश का पालन करना होगा और नई जगह जाकर कार्यभार संभालना होगा।
जिन अधिकारियों ने तबादले के बावजूद नई तैनाती पर ज्वाइन नहीं किया है, उनके लिए मामला गंभीर हो सकता है। ऐसे मामलों में विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू होने के साथ चार्जशीट भी जारी की जा सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड किनारे घूमने निकले थे दो युवक, 132 केवी हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आए
यानी स्वास्थ्य विभाग में अब 'तबादला हुआ तो ज्वाइन करना ही होगा' वाला संदेश साफ तौर पर दिया गया है। इसका सीधा असर उन स्वास्थ्य संस्थानों पर भी पड़ सकता है, जहां डॉक्टरों की लंबे समय से कमी है।