#यूटिलिटी

December 18, 2025

खुशखबरी ! HRTC की खटारा बसों से जल्द मिलेगा छुटकारा : सड़कों पर दौड़ेंगी 297 नई बसें

53 स्थानों पर बनेंगे ई-चार्जिंग स्टेशन

शेयर करें:

 e bus himachal

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन अब एक बड़े बदलाव की दहलीज पर खड़ा है। पहाड़ों में धुएं और डीजल के शोर के बीच अब खामोशी से चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों की तादाद बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। HRTC के बेड़े में इस महीने के अंत तक 297 ई-बसें शामिल होने वाली है। जिससे ना केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यावरण को भी फायदा होगा। 

चार्जिंग स्टेशन बनाने में जुटा निगम

ई-बसों के आगमन से पहले निगम स्तर पर जरूरी सुविधाओं को तेज़ी से तैयार किया जा रहा है। प्रदेश भर में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। निगम के प्रबंध निदेशक डा. निपुण जिंदल ने सभी क्षेत्रीय और मंडलीय प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए।

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में सूखे के बीच उमड़े बादल- बर्फ के इंतजार में पहाड़, इस दिन होगी बारिश

53 स्थानों पर बनेंगे ई-चार्जिंग स्टेशन

निगम प्रबंधन के अनुसार पूरे हिमाचल प्रदेश में कुल 53 स्थानों पर ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से अधिकांश स्थानों पर कार्य शुरू हो चुका है और कई जगहों पर अंतिम चरण में है। कंपनी के अधिकारी अगले सप्ताह हिमाचल पहुंचकर इन चार्जिंग स्टेशनों की स्थिति का निरीक्षण करेंगे।

327 इलेक्ट्रिक बसों की होगी खरीद

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम कुल 327 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद करने जा रहा है। पहले चरण में 297 बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी, जबकि शेष बसें अगले चरण में जोड़ी जाएंगी। यह परियोजना हिमाचल के परिवहन इतिहास में एक अहम कदम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें : धर्मशाला में बड़ा स्कैम: करोड़ों की सरकारी जमीन लुटाई, 3 साल से चल रहा था फर्जीवाड़ा

इन स्थानों पर लगभग तैयार चार्जिंग स्टेशन

निगम के अनुसार शिमला लोकल वर्कशॉप, ठियोग, नूरपुर, धर्मशाला, पालमपुर, हमीरपुर, नादौन, ऊना, बिलासपुर, मंडी, अर्की, नालागढ़, नाहन, कुल्लू, चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे क्षेत्रों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इससे प्रदेश के दूरदराज और जनजातीय इलाकों में भी ई-बसों का संचालन संभव हो सकेगा।

विद्युत बोर्ड और बस अड्डा प्राधिकरण की जिम्मेदारी

चार्जिंग स्टेशनों के लिए नए विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड द्वारा किया जा रहा है। वहीं, चार्जिंग स्टेशनों से जुड़े सिविल कार्यों की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश बस अड्डा प्रबंधन प्राधिकरण को सौंपी गई है। कुछ स्थानों पर शेष कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  देवता चालदा महासू के आगे चलता है न्याय का प्रतीक- पश्मी पहुंचे 70 बकरे, गांववासी करेंगे सेवा

पर्यावरण और यात्रियों दोनों को राहत

ई-बसों के शुरू होने से जहां एक ओर ईंधन खर्च और प्रदूषण में कमी आएगी, वहीं दूसरी ओर यात्रियों को शांत, आरामदायक और आधुनिक यात्रा का अनुभव मिलेगा। आने वाले समय में यह पहल हिमाचल को ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में एक मजबूत पहचान दिला सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख