#विविध
December 18, 2025
हिमाचल में सूखे के बीच उमड़े बादल- बर्फ के इंतजार में पहाड़, इस दिन होगी बारिश
ऊंची चोटियों तक सिमटी बर्फबारी की उम्मीद
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस सर्दी मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सूखे जैसे हालात बनते जा रहे हैं। बारिश और बर्फबारी नहीं होने से जहां किसान गेहूं की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं, वहीं सेब बागवानों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। दूसरी ओर, बर्फबारी के अभाव में पर्यटन कारोबार भी मायूसी के दौर से गुजर रहा है।
प्रदेश में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में सामान्य से अधिक बारिश जरूर दर्ज की गई थी, लेकिन 12 अक्टूबर के बाद से मौसम ने पूरी तरह करवट बदल ली। नवंबर माह में सामान्य से 96 प्रतिशत कम बारिश हुई, जबकि दिसंबर में अब तक 100 प्रतिशत कम यानी एक बूंद भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 और 21 दिसंबर को प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। यह बर्फबारी मुख्य रूप से लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर और कुल्लू जिलों की ऊंची चोटियों तक ही सीमित रहने की संभावना है। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहने के संकेत हैं, जिससे ड्राइ स्पेल टूटने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
बारिश-बर्फबारी के अभाव का असर तापमान पर भी साफ दिख रहा है। अमूमन ठंडे रहने वाला शिमला इन दिनों अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है। शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक होकर 11.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसी तरह कुफरी का तापमान भी करीब 10 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है।
जहां आमतौर पर इन दिनों नारकंडा में तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहता था, वहां भी पारा बढ़कर करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इससे बागवानी और पर्यटन दोनों क्षेत्रों में निराशा का माहौल है।
हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड कमजोर पड़ी है, लेकिन मैदानी इलाकों में कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंडी की बल्ह घाटी, सुंदरनगर और बिलासपुर के भाखड़ा बांध क्षेत्र में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम हो सकती है। इसके अलावा कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और सोलन के निचले इलाकों में भी कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है।