#यूटिलिटी
July 8, 2025
स्व.राजा वीरभद्र की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम स्थगित, 15 जुलाई को होना था; प्रतिभा ने बताई वजह
15 जुलाई को शिमला के रिज पर होना था अनावरण कार्यक्रम
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में आधुनिक हिमाचल निर्माता के रूप में पहचाने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम एक बार फिर टल गया है। स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम शिमला के रिज पर 15 जुलाई को होना था, लेकिन अब इसे एक बार फिर आगे के लिए टाल दिया गया है। इसकी जानकारी स्व वीरभद्र सिंह की पत्नी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दी है।
प्रतिभा सिंह ने स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को स्थगन करने का कारण मानसून बताया है। प्रतिभा सिंह ने बताया कि प्रदेश में हो रही भारी बारिश और आपदा की स्थिति को देखते हुए स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की जल्द ही नई तिथि घोषित की जाएगी। लेकिन फिलहाल जनसुरक्षा और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को देखते हुए इसे स्थगित करना जरूरी था।
बता दें कि रिज पर स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम दूसरी बार टला है। इससे पहले यह कार्यक्रम 23 जून को होना था। लेकिन विक्रमादित्य सिंह ने बताया था कि इस कार्यक्रम में केंद्र के भी बड़े कांग्रेस नेता जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के अलावा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ साथ सोनिया गांधी ने भी आने की इच्छा जताई थी। लेकिन तबीयत बिगड़ने के चलते वह 23 जून को हिमाचल का दौरा नहीं कर सकती, जिसके चलते इस कार्यक्रम को 23 जून से बदल कर 15 जुलाई रखा गया था। लेकिन अब इसे 15 जुलाई को के लिए भी स्थगित कर दिया गया है।
वीरभद्र सिंह की प्रतिमा शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित दौलत सिंह पार्क में लगेगी। हालांकि राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को 23 जून को ही रिज के दौलत सिंह पार्क में स्थापित कर दिया गया है। लेकिन इसका अनावरण नहीं किया गया है। यह अनावरण कार्यक्रम पहले 23 जुन और उसके बाद 15 जुलाई को रखा गया था। लेकिन अब मानसून और आपदा को देखते हुए इसे आगे के लिए टाल दिया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल फ्लड : छोटी बच्ची ने तोड़ी गुल्लक, पिता को 1660 रुपये दे बोली- लोगों को भेजो सामान
इससे पहले वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि के मौके पर कांग्रेस कार्यालय, शिमला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। जिसमें कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और वीरभद्र सिंह के समर्थकों ने भाग लिया। प्रतिभा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि वीरभद्र सिंह भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और कार्य हमेशा हम सभी को प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने प्रदेश के हर कोने में विकास के बीज बोए और आज वह हर गांव और सड़क में जीवंत हैं।
मौसम की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश के हालात पर चिंता जताते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि मानसून के कारण प्रदेश में विशेषकर मंडी जिला बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सिराज, करसोग, धर्मपुर जैसे क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सड़कों की बहाली और पीड़ितों की मदद के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।