#राजनीति

February 22, 2026

हिमाचल में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, केंद्र पर बोला हमला; रैली में पुलिस के साथ धक्का-मुक्की

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रिहाई के साथ केंद्र सरकार मांगे सार्वजनिक माफी

शेयर करें:

himachal-Youth-Congress

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज रविवार को राजनीतिक तापमान उस समय अचानक बढ़ गया जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की युवा बिग्रेड सड़कों पर उतर आई। इस दौरान इस युवा बिग्रेड की पुलिस से नोकझोंक और धक्का मुक्की भी हुई। दरअसल दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय एआई समिट के दौरान हुए कथित विवाद और प्रदर्शनकारी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में शिमला में युवा कांग्रेस ने सड़कों पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन किया। रैली के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का.मुक्की और हल्की झड़प देखने को मिली।

दिल्ली से शिमला तक पहुंचा सियासी संदेश

बता दें कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट में एक निजी विश्वविद्यालय को लेकर उठे विवाद के बाद युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसी मुद्दे पर दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में शिमला में शक्ति प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन को प्रदेश सरकार की युवा इकाई की ताकत के रूप में भी देखा जा रहा है, जिसने सीधे केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को निशाने पर लिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: महिला के कपड़ों में घुम रहा था आदमी, लोगों ने बच्चा चोर गिरोह के शक में पकड़ा; की धुनाई

रिहाई के साथ केंद्र सरकार मांगे माफी

रविवार को प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर की अगुवाई में युवा कांग्रेस ने राजीव भवन से पुराने बस स्टैंड तक रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए, जिनमें एनएसयूआई और जिला इकाइयों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान युवा कांग्रेस ने दिल्ली में गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई और दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की है। साथ ही केंद्र सरकार से सार्वजनिक माफी मांगने की भी बात कही गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़- 3 अरेस्ट, एक नवजात का रेस्क्यू- पंजाब तक फैला है जाल

पुतला दहन की कोशिश में पुलिस से हुआ टकराव

रैली जब मुख्य बाजार क्षेत्र की ओर बढ़ी तो प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पुतले पर पेट्रोल भी छिड़का गया था, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की में बदल गई। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है, लेकिन घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इसे प्रदेश की राजनीति में बढ़ती आक्रामकता का संकेत बताया।

 

यह भी पढ़ें :हिमाचल : घर में तोड़फोड़ का काम बना काल- खेलते बच्चे पर गिरी ईंट, अस्पताल में तोड़ा दम

मुख्यमंत्री की युवा ब्रिगेड का शक्ति प्रदर्शन

माना जा रहा है कि यह प्रदर्शन सिर्फ दिल्ली में हुई गिरफ्तारी का विरोध नहीं था, बल्कि प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ एक सियासी संदेश भी था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की युवा टीम ने जिस आक्रामक अंदाज में मोर्चा संभाला, उसने साफ संकेत दिया कि प्रदेश कांग्रेस अब केंद्र के खिलाफ खुलकर राजनीतिक संघर्ष की रणनीति अपना रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुनसान जगह खड़ी कार में 2 युवतियों संग मिला एक युवक, बड़े गिरोह का हुआ पर्दाफाश

 

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने का प्रयास कर रही है और विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कहा कि एआई समिट में जिस तरह कथित तौर पर निजी विश्वविद्यालय के दावे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश किया गयाए वह देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।

पुलिस की सख्ती, पर टला बड़ा टकराव

शिमला पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के दौरान संयम बरता। हालांकि कुछ समय के लिए हालात बेकाबू होते दिखे, लेकिन समय रहते स्थिति संभाल ली गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून.व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी को भी सार्वजनिक शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख