#राजनीति

January 20, 2026

सीएम सुक्खू की दो टूक: कैबिनेट में नए लोगों को मिलेगा मौका; परफार्मेंस पर होगा फेरबदल

मनाली में बोले सीएम: परफार्मेंस के आधार पर मंत्रियों के विभागों में होगा फेरबदल

शेयर करें:

cm sukhu Cabinet extencision

मनाली। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता संभाले तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कैबिनेट का एक मंत्री पद अब तक खाली है। लंबे समय से इस रिक्त पद को भरने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं चलती रही हैं, मगर तीन साल बीतने के बावजूद कैबिनेट का विस्तार नहीं हो पाया। अब कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होते ही एक बार फिर न केवल मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट तेज हो गई है, बल्कि मंत्रियों के विभागों में बड़े फेरबदल के भी स्पष्ट संकेत मिल गए हैं।

सीएम सुक्खू के बयान से मची हलचल

यह सिर्फ कयास नहीं बल्कि सीएम सुक्खू द्वारा खुले मंच से कही गई बात है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सार्वजनिक मंच से इस बात का ऐलान कर दिया है कि अब मंत्रियों की परफॉर्मेंस के हिसाब से ही उन्हें विभाग मिलेंगे। सीएम सुक्खू ने यह ऐलान मंगलवार को कुल्लू जिले की पर्यटन नगरी मनाली में विंटर कार्निवाल के शुभारंभ अवसर पर किया।

यह भी पढ़ें : विश्व भर में चमका हिमाचल- सबसे बड़ा फार्मा हब बनकर उभरा, दुनिया को दे रहा हर तरह की दवा

मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द किया जाएगा और इसके साथ ही विभागों में व्यापक फेरबदल भी संभव है। मुख्यमंत्री के इस बयान को सियासी हलकों में बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने पहली बार यह स्पष्ट किया है कि मंत्रियों की परफॉर्मेंस के आधार पर उनके विभाग बदले जा सकते हैं।

परफॉर्मेंस पर बदले जाएंगे विभाग

मुख्यमंत्री सुक्खू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार के कामकाज की निरंतर समीक्षा की जा रही है। जो मंत्री अपने विभागों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें जिम्मेदारी दी जाएगी और जहां सुधार की जरूरत है, वहां बदलाव किए जाएंगे। उनके इस बयान से यह साफ हो गया है कि अब विभागों का बंटवारा केवल वरिष्ठता या राजनीतिक संतुलन के आधार पर नहीं, बल्कि कामकाज की कसौटी पर तय हो सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बेटे की फोन पर हुई बहस, कमरे में उठाया गलत कदम- लड़की की गिरफ्तारी पर अड़ा परिवार

दिल्ली में हो चुकी है हाईकमान से चर्चा

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी हाईकमान से मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर विस्तृत चर्चा कर चुके हैं। माना जा रहा है कि हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद अब जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। ऐसे में कैबिनेट का खाली पद भरने के साथ.साथ कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव लगभग तय माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बागवानों ने राज्यपाल को सेबों से तौला: जानिये क्यों किया गया ऐसा..

वरिष्ठ मंत्रियों पर भी नजर

मुख्यमंत्री के बयान के बाद यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि कुछ वरिष्ठ मंत्रियों से महत्वपूर्ण विभाग छीने जा सकते हैं। यदि परफॉर्मेंस के आधार पर मूल्यांकन होता है, तो यह फेरबदल केवल नए चेहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बड़े और प्रभावशाली मंत्रियों पर भी असर पड़ सकता है। इससे सरकार के भीतर शक्ति संतुलन में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

मंडी और कांगड़ा से मिल सकता है प्रतिनिधित्व

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय संतुलन को भी ध्यान में रखा जा सकता है। मंडी संसदीय क्षेत्र से कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर का नाम मंत्री पद के लिए प्रमुखता से चर्चा में है। वहीं कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से संजय रतन और आशीष बुटेल के नाम भी संभावित दावेदारों में गिने जा रहे हैं। इसके अलावा यह चर्चा भी जोरों पर है कि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जिससे ना सिर्फ विधानसभा अध्यक्ष बल्कि उपाध्यक्ष पद पर भी नए चेहरे देखने को मिलेंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बागवानों ने राज्यपाल को सेबों से तौला: जानिये क्यों किया गया ऐसा..

बयानबाजी के बाद और गरमाई सियासत

हाल के दिनों में लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह और अधिकारियों के बीच चले विवाद के बाद राजनीतिक माहौल पहले ही गर्माया हुआ है। मुख्यमंत्री द्वारा विक्रमादित्य को अपने विभाग पर ध्यान देने की नसीहत और उसके बाद होलीलॉज में उनके समर्थन में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने यह संकेत दे दिया है कि सरकार के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को सरकार की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने और सियासी संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख