राजनीति

#राजनीति

October 13, 2025

वीरभद्र प्रतिमा अनावरण: अपने ही दिए भाषण पर घिर गए सीएम सुक्खू; भाजपा ने उठाए सवाल

जयराम ने पूछा प्रियंका गांधी के छराबड़ा में बने मकान से कैसे बढ़ा पर्यटन

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

CM Sukhu Jai ram thakur

शिमला/देहरा। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में आज वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम ने फिर सियासी बहस को तेज कर दिया। शिमला के रिज मैदान पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंच से भाषण देते हुए हिमाचल को गांधी परिवार का ऋणी बताया और कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के शिमला में घर बनाने से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिला। 

अपने भाषण की दो बातों पर घिरे सीएम सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा मंच से दिए गए अपने भाषण की दो मुख्य बातों पर विपक्ष ने जबरदस्त सवाल उठाए हैं। दरअसल सीएम सुक्खू ने कहा कि शिमला के छराबड़ा में प्रियंका गांधी ने घर बनाया है, जिससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिला है। वहीं उन्होंने दूसरी बात कही थी कि वीरभद्र सिंह ने एक बच्चे के लिए भी स्कूल खोला था। अब सीएम सुक्खू अपनी इन्हीं दो बातों पर विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। 

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू बोले: राजा साहब के साथ 30 साल किया काम, उन्ही के दिखाए रास्ते पर चलने का है प्रयास

 

जयराम ठाकुर ने वीरभद्र सिंह को दी श्रद्धांजली

रिज मैदान पर स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है, "साथ ना होने पर भी, होने का एहसास है, ये मूरत जो कह रही, वो कहीं आस पास हैं…आदरणीय वीरभद्र सिंह जी को शत् शत् नमन!"

जयराम ठाकुर ने उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू के बयान पर सवाल उठाए हैं और कहा कि प्रदेशवासियों को यह समझ में नहीं आ रहा कि प्रियंका गांधी का शिमला में घर बनाना हिमाचल के लिए कैसे फायदेमंद हुआ। जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम ने इसे बड़ा कदम बताया, लेकिन पूरे प्रदेश के लोग इस दावे से हैरान हैं। उन्होंने सीएम सुक्खू से सवाल पूछा है कि वह हिमाचल की जनता को बताएं कि कैसे प्रियंका गांधी के हिमाचल में घर बनाने से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

 

यह भी पढ़ें : जब विपक्ष के विधायक ने कसा तंज, 'जय हनुमान' बोलकर सबका दिल जीत गए थे पूर्व CM वीरभद्र सिंह

जयराम ने कांग्रेस आलाकमान को भी घेरा

इसके साथ जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने विधानसभा चुनाव के दौरान झूठी गारंटियां देकर जनता के वोटों पर डाका डाला था, और तीन साल बीत जाने के बावजूद उन गारंटियों का कोई पालन नहीं हुआ। रिज मैदान पर आयोजित सरकारी कार्यक्रम को उन्होंने राजनीतिक मंच बनाने का प्रयास किया। प्रदेश में आपदा प्रभावितों के लिए जो कुछ हुआ, वह केंद्र सरकार की मदद से ही संभव हुआ।

यह भी पढ़ें: हिमाचल BREAKING : एक और बस पलटी, 25 लोग पहुंचे अस्पताल- जा रहे थे शादी में मिलनी करने

जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार की सहायता का आभार जताने की बजाय कांग्रेस नेताओं द्वारा छींटाकशी करने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रिज मैदान जैसे सरकारी मंच पर केवल प्रधानमंत्री या सरकारी कार्यक्रमों के लिए अनुमति होनी चाहिए, राजनीतिक बयानबाजी के लिए नहीं।

कांग्रेस कर रही वीरभद्र के आदर्शों का अपमान

वहीं पूर्व उद्योग मंत्री और भाजपा नेता बिक्रम ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री सुक्खू पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मंच से सीएम सुक्खू ने कहा कि वीरभद्र सिंह एक बच्चे के लिए भी स्कूल खोलते थे। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि बच्चों के लिए स्कूल खोलने का श्रेय देने वाले सीएम ने धरातल पर उनके आदर्शों का सबसे बड़ा अपमान किया है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सिंह शिक्षा को समाज सेवा मानते थे और दुर्गम क्षेत्रों में स्कूल खोलकर हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाई। लेकिन सुक्खू सरकार ने लगभग 1500 स्कूल बंद कर दिए, जिससे छोटे बच्चों को 5 से 7 किलोमीटर तक पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ रहा है। 

यह भी पढ़ें: हिमाचल BREAKING : एक और बस पलटी, 25 लोग पहुंचे अस्पताल- जा रहे थे शादी में मिलनी करने

बिक्रम ठाकुर ने यह भी याद दिलाया कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा की स्थापना में दो साल की देरी और कांग्रेस की अंदरूनी कलह जिम्मेदार रही। इस दौरान उनके पुत्र और तत्कालीन मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने दोहरे चरित्र का उदाहरण पेश कर रही है। मंच पर आदर्शों की बात, लेकिन नीतियों और कार्यशैली में उनके सिद्धांतों का कोई पालन नहीं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख