#राजनीति
September 9, 2025
1500 करोड़ की घोषणा पर बोले विक्रमादित्य,- मदद मिली, पर असल नुकसान बहुत बड़ा
विक्रमादित्य बोेले- अकेले PWD को हुआ है 4 हजार करोड़ का नुकसान
शेयर करें:
शिमला। आपदा से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को हिमाचल के कुल्लू मंडी चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया और कांगड़ा में अधिकारियों और सरकार के साथ बैठक कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों से भी मुलाकात की और अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा हालातों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने तत्काल प्रभाव से प्रदेश के लिए ₹1500 करोड़ की फौरी राहत राशि जारी करने की घोषणा की।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह मदद हिमाचल के लिए मरहम का काम करेगी, लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि नुकसान का आंकड़ा कहीं अधिक है और राज्य को और व्यापक आर्थिक सहायता की दरकार है।
यह भी पढ़ें : पीएम मोदी बोले - हिमाचल को फिर से करेंगे खड़ा, अपने दूसरे घर के लिए कर गए कई बड़ी घोषणाएं
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरे का स्वागत करते हैं। उन्होंने स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का मुआयना किया और कांगड़ा में प्रभावितों से संवाद किया। 1500 करोड़ की जो सहायता दी गई है, उसके लिए हम केंद्र सरकार के आभारी हैं, लेकिन यह शुरुआत भर है।
मंत्री ने जानकारी दी कि अकेले लोक निर्माण विभाग को आपदा के चलते अब तक करीब 4000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। अन्य विभागों को हुए नुकसान को जोड़ने पर यह आंकड़ा 10,000 करोड़ रुपए से भी अधिक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि केंद्र की आकलन टीम पहले ही प्रदेश का दौरा कर चुकी है और वास्तविक स्थिति से अवगत है। अब एक बार फिर केंद्र की यह टीम हिमाचल के दौरे पर है।
यह भी पढ़ें : PM मोदी ने हिमाचल को 1500 करोड़ रुपए देने का किया ऐलान, और भी बहुत कुछ दिया-जानें
विक्रमादित्य सिंह ने यह भी कहा कि हिमाचल विधानसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है कि राज्य को आपदा राज्य घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक मांग नहीं है, बल्कि प्रदेश की जरूरत है। अगर हिमाचल को आपदा राज्य का दर्जा दिया जाता है, तो राष्ट्रीय आपदा राहत मापदंडों के तहत और अधिक सहायता मिल सकती है, जिससे पुनर्निर्माण की प्रक्रिया तेज़ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : धर्मशाला में आपदा पीड़ितों से मिले पीएम मोदी, एक साल की नितिका को गोद में उठाया
उन्होंने यह भी दोहराया कि हिमाचल के लोग एहसान फरामोश नहीं हैं और जो भी सहायता मिलती है, उसके लिए वे हमेशा आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिशा में गंभीरता से विचार करेंगे और राज्य को आपदा से उबारने में और मदद करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दौरे के दौरान न केवल हवाई सर्वे किया, बल्कि जमीन पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: PM मोदी धर्मशाला में कर रहे उच्चस्तरीय बैठक, क्या विशेष पैकेज की करेंगे घोषणा!
हिमाचल प्रदेश इन दिनों एक कठिन दौर से गुजर रहा है। लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। केंद्र सरकार की ओर से 1500 करोड़ की घोषणा राहत जरूर देती है, लेकिन राज्य सरकार और स्थानीय लोगों की मांग है कि दीर्घकालिक पुनर्निर्माण के लिए और अधिक मदद की आवश्यकता है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्र सरकार आने वाले दिनों में कितनी और सहायता प्रदान करती है और क्या हिमाचल को आपदा राज्य घोषित किया जाएगा।