#राजनीति
February 17, 2025
सीएम सुक्खू से पहले ही दिल्ली पहुंच गए विक्रमादित्य, प्रियंका गांधी से की मुलाकात; बढ़ी हलचल
हिमाचल में सरकार और संगठन में होने हैं बड़े बदलाव
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल कांग्रेस को अभी हाल ही में रजनी पाटिल के रूप में नई प्रभारी मिली है। रजनी पाटिल की नियुक्ति के बाद हिमाचल में सियासी हलचल तेज हो गई है। सरकार की कैबिनेट विस्तार और संगठन में बदलाव की चर्चाओं के बीच आज सोमवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी दिल्ली पहुंच गए हैं। विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की है। वहीं सीएम सुक्खू भी आज दिल्ली पहुंचे हैं। लेकिन विक्रमादित्य सिंह सीएम सुक्खू से पहले ही दिल्ली पहुंच गए हैं।
विक्रमादित्य की प्रियंका गांधी से हुई इस मुलाकात से हिमाचल के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विक्रमादित्य सिंह ने जहां प्रियंका गांधी को वायनाड़ से सांसद चुने जाने की बधाई दी है। वहीं उन्होंने हिमाचल में सरकार और संगठन को लेकर भी चर्चा की है। दिल्ली दौरे के दौरान वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित हिमाचल की नवनियुक्त पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल से भी मुलाकात कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें : अंग्रेजों को पीला सोना बेचेगा हिमाचल, आम हल्दी से कई मामलों में खास है यहां की हल्दी
हिमाचल में सियासी हलचल मचने का एक बड़ा कारण हिमाचल कैबिनेट विस्तार भी है। मौजूदा समय में शिमला जिला से तीन मंत्री हैं, जबकि संसदीय क्षेत्र शिमला में पांच मंत्री कैबिनेट में हैं। सूत्रों की मानें तो यहां से एक मंत्री को ड्रॉप किया जा सकता है और उसे अध्यक्ष पद की कमान सौंपी जा सकती है। माना जा रहा है कि हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के बाद कांग्रेस के मंत्रीमंडल में बड़ा बदलाव होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हर रोज एक व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव, कांगड़ा सबसे टॉप पर
बता दें कि हिमाचल में पिछले तीन माह से जिला और ब्लॉक स्तर की कमेटियों को भंग किया हुआ है। लेकिन अभी तक संगठन का गठन नहीं हुआ है। वहीं प्रदेश अधक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल भी इसी साल खत्म हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस को इसी साल नया प्रदेश अध्यक्ष भी मिलेगा। जिसको लेकर चर्चा जोरों पर चल रही है। नए संगठन के गठन में हो रही देरी पर हिमाचल के मंत्रियों के सब्र का बांध भी टूटने लगा है। हिमाचल के दो मंत्री चंद्र कुमार और धनी राम शांडिल को इस पर खुल कर बयान भी दे चुके हैं।
यह भी पढ़ें : संजौली अवैध मस्जिद मामला: वक्फ बोर्ड के झूठ का पर्दाफाश, 136 दिन में नहीं गिरी अवैध इमारत
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू भी आज दिल्ली पहुंच गए हैं। उनका दो दिन दिल्ली में रहने का कार्यक्रम है। इस दौरान वह नए प्रभारी से मिलेंगे। वहीं वह राजीव शुक्ला व केसी वेणुगोपाल सहित अन्य नेताओं से भी संगठन के मसलों पर चर्चा कर सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का तीन साल का कार्यकाल अप्रैल महीने में पूरा होने जा रहा है। ऐसे में नए अध्यक्ष को लेकर भी सीएम सुक्खू हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं।