#राजनीति

January 17, 2026

सुक्खू कैबिनेट में होगा बड़ा फेरबदल : दिल्ली से लौटते ही CM ने दिए संकेत, कौन बनेगा मंत्री; जानें

बजट सत्र से पहले भरा जा सकता है खाली पद

शेयर करें:

Sukhvinder Singh Sukhu

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी कैबिनेट में बड़े फेरबदल के संकेत दिए हैं। सीएम सुक्खू ने साफ किया है कि आने वाले समय में मंत्रिमंडल का विस्तार और पुनर्गठन किया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी चर्चा की है, जिससे अटकलों को और बल मिला है।

बजट सत्र से पहले भरा जा सकता है खाली पद

गौरतलब है कि सुक्खू सरकार के गठन के बाद से ही मंत्रिमंडल में एक पद खाली चल रहा है। सरकार के लगभग तीन साल पूरे होने के बावजूद इस पद को नहीं भरा जा सका है। ऐसे में माना जा रहा है कि बजट सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार कर इस खाली पद को भरा जा सकता है। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो इस बार सिर्फ विस्तार ही नहीं, बल्कि कैबिनेट में बदलाव भी संभव है।

 

यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर बोले: बिखर चुकी है सुक्खू कैबिनेट, मंत्रियों के मतभेद बड़े राजनीतिक फेरबदल के हैं संकेत

 

पार्टी सूत्रों के अनुसार, एक वरिष्ठ मंत्री को मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो संबंधित नेता के पुत्र को किसी बोर्ड या निगम में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। इस स्थिति में मंत्रिमंडल में दो पद खाली हो जाएंगे, जिससे दो नए विधायकों के मंत्री बनने का रास्ता साफ हो सकता है।

मौजूदा सरकार में कुल्लू से कोई भी मंत्री नहीं

कैबिनेट में संभावित नए चेहरे को लेकर कुल्लू जिला सबसे आगे माना जा रहा है। मौजूदा सरकार में कुल्लू से कोई भी मंत्री नहीं है, ऐसे में सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहा है। सुंदर ठाकुर पहले मुख्य संसदीय सचिव (CPS) रह चुके हैं, हालांकि हाईकोर्ट के फैसले के बाद उन्हें यह पद छोड़ना पड़ा था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: तेज रफ्तार ने छीन लिया एक और बेटा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने तोड़ा दम 

 

इसके अलावा ज्वालाजी से विधायक संजय रत्न और पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल के नाम भी मंत्री पद की दौड़ में बताए जा रहे हैं। वहीं, यदि किसी मंत्री को ड्रॉप किया जाता है तो मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले अर्की से विधायक संजय अवस्थी की संभावनाएं भी मजबूत मानी जा रही हैं। हालांकि इन तीनों में से किसी एक को मौका तभी मिलेगा, जब कैबिनेट से किसी मंत्री की छुट्टी होती है।

डिप्टी स्पीकर का पद भी लंबे समय से खाली

उधर, डिप्टी स्पीकर का पद भी लंबे समय से खाली है। कांग्रेस विधायक विनय सिंह के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से यह पद रिक्त चल रहा है। इस पद के लिए धर्मपुर से विधायक चंद्रशेखर का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है, जबकि संजय रत्न के नाम पर भी चर्चाएं जारी हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दो युवकों ने पीट दिया ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल, वाहन को टक्कर मार भागे थे

 

दिल्ली दौरे को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए हैं। इनमें सेब पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने, हिमाचल को हर साल 10 हजार करोड़ रुपये की रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट और प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज को जल्द जारी करने की मांग प्रमुख रही। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि सुक्खू कैबिनेट में यह बड़ा फेरबदल कब और कैसे होता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख