#राजनीति
May 12, 2025
राहुल गांधी चुनेंगे हिमाचल कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट विस्तार पर भी इसी सप्ताह होगा फैसला
हिमाचल कांग्रेस नेताओं को इसी सप्ताह दिल्ली बुला सकते हैं राहुल गांधी
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को जहां एक तरफ नया प्रदेश अध्यक्ष मिलना है। वहीं दूसरी तरफ सुक्खू कैबिनेट का विस्तार भी पिछले अढ़ाई साल से नहीं हो पाया है। पार्टी हाईकमान पिछले छह माह से हिमाचल में कांग्रेस का संगठन तक नहीं बना पाया है। जिस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने संज्ञान लिया है। अब हिमाचल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का निर्णय अब राहुल गांधी करेंगे। इसके अलावा सुक्खू कैबिनेट विस्तार भी राहुल गांधी की सलाह पर ही होगा।
दरअसल हिमाचल कांग्रेस में लंबे समय से संगठन का गठन नहीं हो पाया है। प्रदेश में सभी तरह की कार्यकारिणी को भंग किए लंबा समय बीत चुका है। ऐसे में सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में कठिनाई महसूस हो रही है। लंबे समय से संगठन का गठन ना होने के चलते अब राहुल गांधी हिमाचल के शीर्ष नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक करेंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 606 परिवारों की टूटी उम्मीद, पार्वती परियोजना में गंवा दिया सब कुछ पर नहीं मिला रोजगार
हिमाचल कांग्रेस में संगठन और सरकार के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है। या यूं कहें कि कांग्रेस में गुटबाजी अपने चरम पर है। सीएम सुक्खू और डिप्टी सीएम के बीच भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर भी कांग्रेस के बीच गुटबाजी जगजाहिर होने लगी है। पिछले दिनों प्रतिभा सिंह के सामने ही कांग्रेस नेताओं की बहसबाजी ने कांग्रेस की पोल खोल दी थी।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का तीन साल का कार्यकाल खत्म हो गया है। ऐसे में अब प्रदेश में नया प्रदेश अध्यक्ष चुना जाना है। हालांकि हॉलीलोज समर्थक प्रतिभा सिंह को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। जबकि सीएम सुक्खू अपने गुट में से किसी को प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद के फैसले में हो रही देरी का यही एक बड़ा कारण है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हिमाचल के कई बड़े कांग्रेस नेता अब तक कई बार दिल्ली की दौड़ लगा चुके हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी टीचर ने सेना को समर्पित की सालभर की सैलरी, देश के लिए बने मिसाल
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और लंबे समय से संगठन का गठन ना होने के चलते अब राहुल गांधी इस पर निर्णय लेंगे। राहुल गांधी इसी सप्ताह हिमाचल के सीएम सहित अन्य शीर्ष नेताओं को दिल्ली बुला सकते हैं। हालांकि इससे पहले राहुल गांधी ने 8 मई को सीएम सुक्खू, प्रतिभा सिंह सहित सभी मंत्रियों को दिल्ली तलब किया था। लेकिन इसी बीच भारत पाक के बीच संघर्ष शुरू हो गया। जिसे देखते हुए यह बैठक स्थगित कर दी गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल- खराब हालातों के कारण छूटी पढ़ाई, गन्ने का जूस बेच अनिकेत ने बदला अपना जीवन
पार्टी सूत्रों की मानें तो अब राहुल गांधी इसी सप्ताह हिमाचल के कांग्रेस नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक कर सकते हैं। जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष रहे नेता, और सुक्खू सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री शामिल हो सकते हैं। इस बैठक में जहां प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर फैसला लिया जाएगा। वहीं सुक्खू कैबिनेट विस्तार को लेकर भी चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सुरक्षा अलर्ट: शादी में ड्रोन उड़ाने और भीड़ जुटाने पर पाबंदी, एयरपोर्ट खुले
हिमाचल में प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में कई नाम शामिल हैं। हालांकि इसमें एक नाम पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर का भी था, लेकिन राठौर ने प्रदेश अध्यक्ष बनने से साफ इंकार कर दिया है। अब नए अध्यक्ष पद की रेस में मंत्री त्री अनिरुद्ध सिंह, पूर्व विधायक आशा कुमारी, विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार और विनोद सुल्तानपुरी का मना सबसे आगे माना जा रहा है। हालांकि कौन प्रदेश अध्यक्ष बनेगा, इसका फैसला राहुल गांधी के साथ होने वाली बैठक के बाद ही होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 125 साल पुरानी दुकान में लाखों की रॉबरी, कामगार ही निकला चोर
इसी तरह से सुक्खू कैबिनेट में भी एक खाली पद को भरा जाना है। कैबिनेट मंत्री बनने की रेस में सबसे पहला नाम कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का है। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, संजय रत्न, आशीष बुटेल के नाम भी मंत्री पद की रेस में शामिल हैं।