#राजनीति

March 8, 2025

हिमाचल में मंदिर के पैसों पर सियासत: डिप्टी CM का खुलासा- जयराम ने भी लिए थे 28 करोड़ रुपए

मंदिरों की धनराशि को लेकर सियासत, उपमुख्यमंत्री ने भाजपा पर साधा निशाना

शेयर करें:

himachal news

ऊना। हिमाचल प्रदेश में मंदिरों की धनराशि को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के मंदिरों से 28 करोड़ रुपए लिए गए थे।

जयराम सरकार पर धनराशि लेने के आरोप

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने 15 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष में और 13 करोड़ रुपए कोविड महामारी के दौरान मंदिरों से लिए थे। इतना ही नहीं, चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट और बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट से अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए 22 लाख रुपए की राशि भेजी गई थी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल शिक्षा मंत्री की राजनाथ सिंह से हुई मुलाकात- NCC के लिए विशेष दर्जे की मां

उन्होंने सवाल किया कि जयराम ठाकुर को इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। साथ ही, उन्होंने भाजपा पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने मंदिरों से किसी भी तरह की धनराशि नहीं ली है और यह पूरी तरह से भाजपा की बनाई हुई अफवाह है।

भाजपा में गुटबाजी पर तंज

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल भाजपा कई गुटों में बंट चुकी है और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में इस तरह के निराधार आरोप लगा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार को अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए 40 हजार करोड़ रुपए की आवश्यकता होती है, जबकि मंदिरों की कुल जमा पूंजी करीब 500 करोड़ रुपए है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल बजट सत्र में 'व्यवस्था परिवर्तन' करने जा रही सरकार- यहां जानें क्या है खास

उन्होंने कहा कि कर्ज का बढ़ना और प्रदेश की वित्तीय स्थिति को कमजोर करने का काम जयराम सरकार ने किया था, इसलिए अब भाजपा को इस पर राजनीति करने का कोई हक नहीं है।

संवाद से समाधान निकलेगा

सरकारी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संवाद से ही समाधान निकलेगा और प्रदेश सरकार कर्मचारियों के साथ मधुर संबंध बनाए रखने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने परिवहन निगम के कर्मचारियों की लंबित देनदारियों को जल्द जारी करने की बात कही और कर्मचारियों से अपील की कि वे सरकार से बातचीत करें, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।

कांग्रेस संगठन में बदलाव के संकेत

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और नेताओं से फीडबैक लिया है। जल्द ही प्रदेश कांग्रेस संगठन को नया आकार दिया जाएगा।

सुख आश्रय योजना पर भाजपा पर निशाना

मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल सरकार द्वारा अनाथ बच्चों के लिए शुरू की गई ‘सुख आश्रय योजना’ का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा अनाथ बच्चों के मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि क्या वे सच में अनाथ बच्चों के विरोध में हैं?

यह भी पढ़ें : कांग्रेस में निष्कासितों को मिल रहे पद, CM सुक्खू ने बुद्धि सिंह को सौंपी मिल्कफेड की कमान

बहरहाल, हिमाचल प्रदेश में मंदिरों की धनराशि को लेकर सियासी घमासान जारी है। उपमुख्यमंत्री ने जयराम सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, जबकि भाजपा की ओर से इसे सिरे से खारिज किया जा रहा है। इसी बीच, प्रदेश में वित्तीय संकट, सरकारी कर्मचारियों की समस्याएं और कांग्रेस संगठन में संभावित बदलाव भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख