#राजनीति

September 29, 2025

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस खत्म, इस दिन होगा ऐलान; सीएम-डिप्टी सीएम जाएंगे दिल्ली

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर सात नामों पर चर्चा

शेयर करें:

Himachal Congress president

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी में लंबे समय से खाली पड़े अध्यक्ष पद को लेकर अब सस्पेंस खत्म होने वाला है। पार्टी हाईकमान ने संकेत दिए हैं कि 15 अक्टूबर से पहले नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लंदन दौरे से लौटने के बाद प्रदेश और दिल्ली में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री तीन अक्टूबर के बाद दिल्ली जाकर शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे और अध्यक्ष पद को लेकर अंतिम मुहर लगेगी।

पंचायत चुनावों से पहले संगठन को मजबूती

दिसंबर में होने वाले पंचायत चुनावों को देखते हुए हाईकमान प्रदेश कांग्रेस में नई ऊर्जा भरना चाहता है। नए अध्यक्ष की तैनाती के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों की भी नियुक्तियां की जाएंगी। इसके बाद जिला और ब्लॉक स्तर पर भी कार्यकारिणी गठित होगी। संगठन के नए ढांचे के साथ पार्टी पंचायत चुनावों में उतरना चाहती है।

 

यह भी पढ़ें : जयराम का तंज: कांग्रेस को सत्ता सौंप पछता रही जनता, सुख की सरकार से दुखी हो चुके हैं लोग

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण से पहले ऐलान संभव

13 अक्टूबर को शिमला रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण होना है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस हाईकमान इस महत्वपूर्ण अवसर से पहले ही प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारिणी का ऐलान करना चाहता है।

नवंबर 2024 से भंग है कार्यकारिणी

पार्टी की मौजूदा स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नवंबर 2024 में राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणियों को भंग कर दिया था। तब से केवल प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही संगठन का संचालन कर रही हैं। कई बार प्रदेश नेता संगठन के गठन की मांग उठाते रहे हैं, लेकिन अब पंचायत चुनावों से पहले यह प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य के लिए लक्की साबित हुई अमरीन: शादी होते ही मिली अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि, लंदन में होंगे सम्मानित

कौन-कौन है रेस में?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार सामने आए हैं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सार्वजनिक रूप से इस पद में रुचि दिखाई है और “एक पद एक व्यक्ति” सिद्धांत के तहत मंत्री पद छोड़ने की पेशकश भी कर चुके हैं। उनके अलावा पूर्व अध्यक्ष कुलदीप राठौर, विनय कुमार, विनोद सुल्तानपुरी, आशीष बुटेल, संजय अवस्थी और सुरेश कुमार के नाम भी चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि विनय कुमार ने हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात भी की थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस की बड़ी सफलता: करोड़ों का चिट्टा पकड़ा, अब तक की सबसे बड़ी खेप

मुख्यमंत्री की राय अहम

राज्य अध्यक्ष की नियुक्ति में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की राय सबसे अहम मानी जा रही है। सुक्खू पहले ही सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि उनके लिए सभी कार्यकर्ता समान हैं और हाईकमान जिसे भी जिम्मेदारी देगा, वे उसका समर्थन करेंगे। हिमाचल कांग्रेस में नया अध्यक्ष मिलने से जहां संगठन को नई दिशा मिलेगी, वहीं पंचायत चुनावों में पार्टी किस रणनीति से उतरेगी, यह भी साफ हो जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख