#राजनीति

September 7, 2025

देर आए, दुरुस्त आए... PM मोदी के प्रस्तावित दौरे पर बोले मंत्री विक्रमादित्य सिंह

विक्रमादित्य सिंह बोले- हिमाचल को आपदा राज्य घोषित करे पीएम मोदी

शेयर करें:

PM Modi tour vikrmaditya singh

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार दो वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं का प्रकोप झेल रहे लोगों को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से राहत की उम्मीद बंध गई है। प्रधानमंत्री मोदी 9 सितंबर को हिमाचल प्रदेश का दौरा कर सकते हैं। उनके कार्यक्रम के अनुसार वह कुल्लू और चंबा जिलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और प्रदेश में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेंगे।

पीएम मोदी के दौरे का किया स्वागत

हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पीएम मोदी के दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि “देर आए, दुरुस्त आए।” उन्होंने कहा कि जब-जब प्रदेश ने आपदाओं का सामना किया, तब-तब केंद्र से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया। अब प्रधानमंत्री का दौरा यह संकेत देता है कि हिमाचल के जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश होगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मां और दो बेटियों का एक साथ उजड़ा सुहाग, ससुर के साथ दो दामाद की भी थमी सांसें

हिमाचल को दें विशेष राहत पैकेज 

विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र सरकार से मांग की कि हिमाचल प्रदेश को आपदा ग्रस्त राज्य घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं, ऐसे में प्रदेश की पीड़ा को समझते हुए विशेष राहत पैकेज दिया जाना चाहिए।

धार्मिक स्थलों पर बढ़ते पर्यटन को लेकर चिंता

लोक निर्माण मंत्री ने राज्य में धार्मिक स्थलों पर बढ़ती भीड़ और पर्यावरणीय दबाव को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर हर दिन टनों कूड़ा इकट्ठा हो रहा है, जो देवभूमि की पवित्रता के लिए खतरा है। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे स्थलों पर भीड़ सीमित करने और कचरा प्रबंधन को सख्ती से लागू करने के लिए कैबिनेट स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: राहू नाले ने छीन लिया परिवार से 16 साल का बेटा, माता-पिता के नहीं रूक रहे आंसू

1250 सड़कें अब भी बंद, राहत कार्य जारी

बारिश से कुछ राहत मिलने के बाद भी प्रदेश में 1250 सड़कें बंद हैं। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि विभाग के अधिकारी लगातार मौके पर तैनात हैं और सड़कों को खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध डंपिंग और खराब ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 30 वर्षीय महिला की घर के पास झील में तैरती मिली देह, आखिर क्या हुआ उसके साथ ?

फोरलेन प्रोजेक्ट में टनलिंग पर जोर

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पहाड़ों और पेड़ों के कटान को कम से कम करने के लिए अब फोरलेन प्रोजेक्ट में ज्यादा से ज्यादा टनलिंग की जाएगी। इससे पर्यावरणीय नुकसान कम होगा और यातायात व्यवस्था भी बेहतर रहेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मलबे में दबा चायवाले का आशियाना, पत्नी-बेटियों संग दर-दर भटकने को मजबूर हुआ अभागा

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अक्टूबर में संभव

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अक्टूबर महीने में किया जा सकता है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि फिलहाल प्रदेश आपदा से जूझ रहा है, ऐसे में लोगों की भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा का अनावरण एक भावनात्मक क्षण होगा और यह तभी संभव है जब स्थिति सामान्य हो जाए।

यह भी पढ़ें :आपदा ग्रस्त हिमाचल की मदद को आगे आए हरियाणा के CM सैणी, 10 ट्रकों में भेजी राहत सामग्री

प्रधानमंत्री मोदी का प्रस्तावित दौरा न केवल हिमाचल के लिए राहत की उम्मीद जगाता है, बल्कि प्रदेश सरकार के लिए भी केंद्र से विशेष मदद की राह खोल सकता है। अब प्रदेश की नजरें इस दौरे पर टिकी हैं कि आपदा से उबरने के लिए हिमाचल को कितनी बड़ी राहत मिल पाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख