#राजनीति
August 2, 2025
सुक्खू सरकार पर बरसे जयराम: बोले - जख्मों पर नमक छिड़कने वालों को माफ नहीं करेंगे
सुधीर शर्मा और सूरत नेगी ने 300 आपदा पीड़ितों को बांटे 50 लाख के चेक
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में शनिवार को आयोजित एक विशेष आपदा राहत कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब जनता को राहत और सहानुभूति की सबसे अधिक आवश्यकता थी, तब सत्ता पक्ष के एक मंत्री ने संवेदना की बजाय कठोरता दिखाई।
कार्यक्रम में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा और किन्नौर से भाजपा नेता सूरत नेगी की ओर से जुटाई गई राशि से 20 पंचायतों के करीब 300 आपदा पीड़ितों को कुल 50 लाख रुपए की राहत राशि के चेक वितरित किए गए। इसमें विशेष रूप से 11 महीने की नीतिका जिसने चैलचौक में आपदा के दौरान अपने माता.पिता को खो दिया को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी गई और विधायक सुधीर शर्मा ने नीतिका की पढ़ाई का सारा खर्च उठाने की घोषणा की।
जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि जब पूरा प्रदेश संकट में था, तब विभिन्न जिलों से लोग पीड़ितों की सहायता के लिए सामने आए। किन्नौर, धर्मशाला और जोगिंद्रनगर जैसे क्षेत्रों से लोगों ने मरहम पहुंचाया, लेकिन कांग्रेस सरकार के एक मंत्री 27 दिन बाद आए और आते ही 70 आपदा पीड़ितों पर एफआईआर दर्ज करवा कर चल दिए। यह न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि सत्ता का क्रूर चेहरा भी उजागर करता है। जयराम ठाकुर ने भावुक होते हुए कहा कि हम उन लोगों को कभी नहीं भूलेंगे जो इस घड़ी में साथ खड़े हुए। लेकिन जो लोग घावों पर नमक छिड़कते हैं, उन्हें इतिहास माफ नहीं करेगा।
यह भी पढ़ें : HRTC के पेंशनरों को राहत: 150 करोड़ कर्ज लेकर दिए जाएंगे लंबित वित्तीय लाभ; जानें कब
कार्यक्रम में शिमला के समाजसेवी सरबजीत सिंह बाबी, नोफल संस्था और अन्य स्वयंसेवकों का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि जिन परिवारों को आपदा में अपूरणीय क्षति हुई, उन्हें बाबी द्वारा व्यक्तिगत आर्थिक मदद दी जा रही है। नोफल संस्था द्वारा जंजैहली क्षेत्र में चलाए गए लंगर सेवा की भी सराहना की गई और इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया।
जयराम ठाकुर ने 30 जून की भयावह रात को याद करते हुए कहा कि उस रात ने हमारी 28 वर्षों की मेहनत को बहा दिया। हमने सब कुछ फिर से खो दिया, लेकिन अब हम पहले से अधिक मजबूती से खड़े होंगे। सराज की जनता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देंगे।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने पूरी की विधायक पत्नी की मांग, 19 करोड़ किए मंजूर- जानिए कहां होंगे खर्च
कार्यक्रम में यह जानकारी भी दी गई कि विधायक सुधीर शर्मा ने अपने जन्मदिवस पर 21 लाख रुपए, जबकि सूरत नेगी के नेतृत्व में किन्नौर से 25 लाख रुपए की सहायता राशि पीड़ितों के लिए भेजी गई। जयराम ठाकुर ने इस सहयोग को प्रदेश की एकता और मानवीय मूल्यों का प्रतीक बताया।