#राजनीति
February 22, 2025
हिमाचली नेताओं को BJP हाईकमान देगा सरप्राइज, इस दिग्गज को मिलेगी कमान
जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल को दिल्ली बुलाया- नाम फाइनल
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में बड़े राजनीतिक बदलाव की संभावना जताई जा रही है। BJP के नेता जयराम ठाकुर के प्रदेश अध्यक्ष बनने की चर्चा तेजी से फैल रही है, जिसके बाद उन्हें नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा देना होगा। इस बदलाव के बाद प्रदेश में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं और नए नेताओं के लिए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जयराम ठाकुर का नाम प्रदेश अध्यक्ष के रूप में लगभग तय हो चुका है। उनकी नियुक्ति को लेकर पार्टी हाईकमान ने मुहर लगा दी है और अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। जयराम ठाकुर से पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का नाम सामने आ रहा था, लेकिन अब यह संभावना समाप्त होती नजर आ रही है।
जयराम ठाकुर के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए नए नामों की चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा में विपिन सिंह परमार, बिक्रम ठाकुर और सतपाल सिंह सत्ती के नामों पर विचार हो रहा है। कांगड़ा जिले में जहां चुनावी समीकरण महत्वपूर्ण हैं, वहां विपिन परमार और बिक्रम ठाकुर में से किसी एक का नाम तय हो सकता है। साथ ही, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का नाम भी चर्चा में है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जयराम ठाकुर और डॉ. राजीव बिंदल से दिल्ली में मुलाकात की और प्रदेश अध्यक्ष पद के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया। पार्टी अब ऐसे नेता की तलाश में है, जो विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व कर सके और चुनावी प्रचार में पूरी तरह से सक्रिय हो। नए प्रदेश अध्यक्ष को न केवल अपनी विधानसभा क्षेत्र में बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी प्रचार करने के लिए समय निकालना होगा।
बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया है। अब, पार्टी के केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह शिमला आएंगे और प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की दिशा में कदम बढ़ाएंगे। संभावना जताई जा रही है कि फरवरी के अंत तक भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: नाइट अलाउंस, डीए और एरियर की मांग को लेकर HRTC कर्मियों का हल्ला बोल
इससे पहले बीजेपी ने राज्य के सभी 171 मंडलों और 17 संगठनात्मक जिलों में अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिससे संगठनात्मक रूप से पार्टी पूरी तरह से तैयार है। अब केवल प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा का इंतजार है, जो पार्टी की आगामी रणनीतियों को आकार देगा।