#राजनीति
July 13, 2025
अनुराग ठाकुर बोले: राहत सामग्री के साथ आपदा पीड़ितों का मनोबल बढ़ाना भी जरूरी
आपदा पीड़ितों को सांसद मोबाइल वैन से पहुंचाई जा रही राहत
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रविवार को कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उन्होंने हिमाचल प्रदेश में हालिया प्राकृतिक आपदाओं को लेकर चिंता जताई और राहत कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा इस दुख की घड़ी में पूरी तरह से प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है और हर स्तर पर राहत एवं बचाव के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठन ज़मीनी स्तर पर सक्रिय होकर प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचा रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भोजन, दवाएं, बर्तन, कंबल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के माध्यम से पीड़ितों की मदद की जा रही है। निर्वाचित सांसदों और विधायकों ने भी व्यक्तिगत रूप से योगदान दिया है, ताकि हर प्रभावित परिवार को तुरंत राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दरका पहाड़: सड़क से गुजर रही गाड़ियों पर गिरा भारी मलबा और पत्थर; मची चीख पुकार
अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं हिमाचल प्रदेश की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। केंद्र की ओर से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें तैनात की गई हैं, जो प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। साथ ही, केंद्र सरकार राज्य को हरसंभव आर्थिक और तकनीकी सहायता दे रही है।
अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से मंडी जिले का ज़िक्र करते हुए बताया कि भारी बारिश और भूस्खलन से गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों में सांसद मोबाइल राहत वैन के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। यह वैन भाजपा कार्यकर्ताओं की देखरेख में प्रभावित गांवों तक जा रही है, जहां घर.गृहस्थी उजड़ चुके लोगों को बर्तन, सूखे राशन, प्राथमिक उपचार किट, सेनेटरी पैड और अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल आपदा- 13 दिन बाद भी नहीं मिल पाए अपने, परिजनों ने सिसकियों के साथ किया क्रियाकर्म
उन्होंने कहा कि मंडी जिला के सराज, धर्मपुर, पधर, बल्ह और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भाजपा द्वारा राहत शिविर भी लगाए गए हैं। हमारा प्रयास है कि जो लोग अपने घरों से बेघर हो गए हैं, उन्हें न केवल भोजन और वस्त्र मिले बल्कि उनका मनोबल भी बना रहे। ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने अपने संसाधनों को जोड़कर एक आपदा राहत समन्वय टीम का गठन किया है, जो हर जिले में स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस संकट की घड़ी में सभी राजनीतिक भेदभाव भुलाकर एकजुट होकर राहत कार्यों में योगदान दें।
हालांकि अनुराग ठाकुर ने सीधे तौर पर राज्य सरकार की आलोचना नहीं की, लेकिन यह जरूर कहा कि राहत कार्यों में तेजी और पारदर्शिता की ज़रूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार से जो सहायता भेजी जा रही है, उसका समुचित उपयोग हो यह सुनिश्चित करना राज्य सरकार की ज़िम्मेदारी है।