#हादसा
July 13, 2025
हिमाचल : घर में झाड़ू लगा रही थी महिला, ऊपर गिर गया विशालकाय पीपल का पेड़- निकले प्राण
तीन बेटों की मां थी महिला- पति का पहले हो चुका है देहांत
शेयर करें:
हमीरपुर। कहते मौत किसे कब आए जाए-कुछ पता नहीं होता। ये हम सब जानते हैं कि किसी भी व्यक्ति के लिए उसके घर से ज्यादा सुरक्षित कोई स्थान नहीं है। मगर सोचिए अगर उसी घर में किसी की दर्दनाक मौत हो जाए- तो परिजनों का क्या हाल होगा। ऐसी ही एक दुखद मामला हिमाचल के हमीरपुर जिले से सामने आया है।
जिले की ग्राम पंचायत दिम्मी के दशमल गांव में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां पर एक महिला उसके घर के आंगन में दर्दनाक मौत मिली है। महिला की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है। जबकि, पूरे क्षेत्र के लोगों में माहौल गमगीन बना हुआ है।
झाड़ू लगा रही थी महिला
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त महिला अपने घर के आंगन में झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान विशालकाय पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर उसके ऊपर गिर गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा आज सुबह का ही बताया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि 60 वर्षीय सर्वी देवी सुबह आंगन में झाड़ू लगा रही थी। जबकि, परिवार के अन्य सदस्य भी अपने-अपने कामों में लगे हुए थे। इसी दौरान आंगन के साथ लगा पीपल का पेड़ अचानक उखड़कर सर्वी के ऊपर गिर गया।
पेड़ गिरने की आवाज सुनते ही परिजन दौड़ते हुए बाहर आंगन में आए। उन्होंने देखा कि सर्वी पेड़ के नीचे दब गई थी। परिजनों ने कड़ी मशक्कत कर पेड़ की टहनियां काटी और किसी तरह सर्वी को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला।
इस हादसे में सर्वी गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गई थी। सर्वी की हालत देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में सर्वी को अस्पताल पहुंचाया- जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि बीते दिनों से हो रही बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो चुकी थी। इसी कारण पेड़ उखड़कर गिर गिया और उनके परिवार के एक सदस्य की जान चली गई। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि महिला गरीब परिवार से संबंध रखती थी। महिला के पति का कुछ साल पहले ही देहांत हो चुका है। महिला अपने पीछे तीन बेटे छोड़ गई है। पति की मौत के बाद महिला अकेले ही बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। महिला की मौत के बाद बच्चे अनाथ हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद करने की अपील की है।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही परिजनों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं।