#राजनीति
January 20, 2026
अनुराग ठाकुर ने नितिन नबीन को दी बधाई, मोदी - नड्डा के नेतृत्व की जमकर की सराहना
अनुराग ठाकुर बोले: भाजपा युवाओं को सिर्फ मौका नहीं, नेतृत्व भी देती है
शेयर करें:

शिमला। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक राजनीति में एक बड़ा और स्पष्ट संदेश देते हुए युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है। 45 वर्षीय नितिन नबीन ने आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाल लिया। वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और इस पद तक पहुंचने वाले बिहार के पहले नेता भी हैं। नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने के साथ ही भाजपा ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले समय में संगठन की कमान युवा हाथों में देने की रणनीति पर पार्टी गंभीरता से आगे बढ़ रही है।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी बधाई दी। अनुराग ठाकुर ने आज मंगलवार को बीजेपी मुख्यालय में अपने पुराने मित्र नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने इसे केवल संगठनात्मक बदलाव नहींए बल्कि भाजपा की दीर्घकालिक सोच का हिस्सा बताया।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू की दो टूक: कैबिनेट में नए लोगों को मिलेगा मौका; परफार्मेंस पर होगा फेरबदल
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कम उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा केवल युवाओं की बात नहीं करती, बल्कि उन्हें नेतृत्व भी सौंपती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश की युवा शक्ति पर अटूट विश्वास है और यही कारण है कि संगठन के शीर्ष पद पर एक युवा नेता को अवसर दिया गया है। अनुराग ठाकुर के मुताबिक नितिन नबीन का संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद और जमीन से जुड़ी राजनीति पार्टी को आने वाले समय में नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा का विषय रहा कि अनुराग ठाकुर और नितिन नबीन का रिश्ता नया नहीं, बल्कि संगठन की युवा राजनीति से जुड़ा हुआ है। जिस दौर में अनुराग ठाकुर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, उसी समय नितिन नबीन बिहार भाजपा युवा मोर्चा में अहम जिम्मेदारी निभा रहे थे। उस समय दोनों नेताओं ने युवाओं को संगठन से जोड़ने और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का काम किया।
अनुराग सिंह ठाकुर ने इस मौके पर निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल को भी ऐतिहासिक और सफल बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की देवभूमि से आने वाले नड्डा ने अपने छह साल के कार्यकाल में भाजपा को संगठनात्मक रूप से मजबूत किया और पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने कई राज्यों में जीत का परचम लहराया।
अनुराग ठाकुर का मानना है कि नितिन नबीन के व्यापक संगठनात्मक अनुभव और युवा दृष्टिकोण का लाभ पार्टी को आगामी चुनावों में मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। कुल मिलाकरए नितिन नबीन की ताजपोशी और अनुराग ठाकुर की सक्रिय भूमिका यह दर्शाती है कि भाजपा संगठन में पीढ़ीगत बदलाव के साथ.साथ राजनीतिक निरंतरता का संतुलन बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है।