#राजनीति
October 11, 2025
हिमाचल: नीचता के आरोप में भाई की गिरफ्तारी पर महिला कांग्रेस ने राजीव बिंदल से मांगा इस्तीफा
महिला कांग्रेस ने सुक्खू सरकार से पीड़िता के लिए मांगी सुरक्षा
शेयर करें:

शिमला/सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में युवती से दुष्कर्म मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल के बड़े भाई राम कुमार बिंदल की गिरफ्तारी ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर हलचल पैदा कर दी है। मामले में हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है और साथ ही पीड़िता को सरकारी सुरक्षा प्रदान करने की अपील की है। महिला कांग्रेस ने इस घटना को प्रदेश की महिलाओं और समाज के लिए शर्मनाक बताया और कहा कि भाजपा केवल नारों तक सीमित है, जबकि वास्तविकता में यह पार्टी महिलाओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने शिमला में कहा कि इस घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और नेत्रियों की खामोशी पार्टी की वास्तविक मानसिकता को उजागर करती है। महिला कांग्रेस पीड़िता के साथ है और सुनिश्चित करेगी कि उसे न्याय मिले। चंदेल ने सरकार से आग्रह किया कि पीड़िता को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए, क्योंकि यह मामला हाई प्रोफाइल है और युवती की जान खतरे में हो सकती है। उनका कहना था कि यदि भाजपा में नैतिकता है तो राजीव बिंदल को अपने पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP में CM पद पर मचा घमासान: नेताओं के बाद अब पदाधिकारियों-समर्थकों में छिड़ी जं*ग
दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार राम कुमार बिंदल को पुलिस ने 10 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए सोलन अस्पताल लाया गया। वहां उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें डॉक्टर्स की विशेष देखरेख में आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टर की अनुमति मिलने के बाद ही उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस गंभीर मामले पर भाजपा के कुछ नेताओं ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। पार्टी नेता रश्मि सूद ने इसे साजिश बताया और कहा कि राम कुमार बिंदल ने जीवन भर समाज सेवा की है। वहीं, भाजपा नेता गणेश दत्त ने लिखा कि इस घटना पर विश्वास करना मुश्किल है। हालांकि महिला कांग्रेस का कहना है कि राजनीतिक दबाव और पार्टी के प्रभाव से जांच प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के बाद ही न्याय सुनिश्चित हो सकता है।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू से रजनी पाटिल ने बंद कमरे में की चर्चा, संगठन में बड़े बदलाव के संकेत
पीड़िता ने बताया कि वह 7 अक्टूबर को इलाज के लिए राम कुमार बिंदल के पास गई थी। उपचार के बहाने आरोपी ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया और प्राइवेट पार्ट्स को छूने का प्रयास किया। इसके बाद युवती ने सोलन महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। फॉरेंसिक टीम ने क्लीनिक का दौरा कर आवश्यक सबूत जुटाए हैं। पुलिस अब आरोपी की भूमिका के अलावा मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों की जांच भी कर रही है।