#हादसा
October 11, 2025
हिमाचल: करवाचौथ पर उजड़ा सुहाग, 30 साल का था फौजी पति
बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था फौजी
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक बहुत ही युवा फौजी सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसा और दुखद हो जाता है क्योंकि फौजी करवाचौथ के लिए घर आया था लेकिन कौन जानता था कि इसी दिन फौजी की मौत हो जाएगी। पत्नी के लिए तो ये दुखों के पहाड़ की तरह है। करवाचौथ पर एक सुहागिन से उसका सुहाग छिन गया। फौजी की मौत के बाद से पूरे परिवार व गांव में मातम छा गया है।
भारतीय सेना का जवान शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दरगेला गांव का रहने वाला था। इसी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में जवान की मौत हो गई। मृतक फौजी 30 वर्षीय सुमित कुमार थे। उनके पिता का नाम उत्तम चंद है।
गौरतलब है कि सुमित जम्मू-कश्मीर में जैक राइफल में तैनात थे व करवाचौथ का त्योहार मनाने के लिए 4 दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे सुमित जब बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे, हादसा तभी हुआ।
सुमित जब बाइक पर सवार थे, दरगेला स्कूल के पास एक मोड़ पर अचानक उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचाया लेकिन सुमित की जान ना बच सकी। डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि सुमित की शादी को ज्यादा वक्त नहीं हुआ था। 3 साल पहले ही वो शादी के बंधन में बंधे थे। वहीं इस खबर के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शव पोस्टमोर्टम के लिए धर्मशाला भेजा गया है।