#राजनीति
February 16, 2025
हिमाचल भाजपा में दिखी अंतर्कलह, बीजेपी के पूर्व मंत्री पर भड़के नए आए नेता
देहरा के पूर्व विधायक ने रमेश धवाला पर की टिप्पणी
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में कभी कांग्रेस तो कभी भाजपा की अंतर्कलह खुलकर सामने आती ही रहती है। हिमाचल भाजपा में अंतर्कलह का सबसे बड़ा कारण कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए नेता भी हैं। कांग्रेस से गए इन नेताओं को बीजेपी के पुराने नेता और कार्यकर्ता अब तक नहीं अपना पाए हैं। इसका एक उदाहरण कांगड़ा के देहरा में एक बार फिर देखने को मिला है।
कांगड़ा के देहरा में उपचुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए नेता होशियार सिंह ने इस बार भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रहे रमेश धवाला पर टिप्पणी की है। होशियार सिंह के इस बयान के बाद देहरा विधानसभा की राजनीति में सियासी माहौल गरमा गया है। दरअसल देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह ने पूर्व मंत्री रमेश धवाला पर जातिवाद की राजनीति करने के गंभीर आरोप लगा दिए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : किराए के मकान में रहता था बुजुर्ग, दुकान में पड़ा मिला- थम चुकी थी सांसे
होशियार सिंह ने कहा कि भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेता मीडिया में जाकर पार्टी विरोधी ब्यानबाजी कर रहे हैं। उनके यह बयान संगठन को कमजोर कर रहे हैं। होशियार सिंह ने नसीहत देते हुए कहा है कि भाजपा के पुराने नेताओं को इस तरह के बयान सोच समझ कर देने चाहिए और अपनी बात पार्टी के समक्ष रखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को चेतावनी, कम करों बिजली की दरें, नहीं तो बंद करने पड़ेंगे उद्योग
बता दें कि रमेश धवाला पिछले लंबे समय से अपनी ही पार्टी से नाराज चल रहे हैं और उन्होंने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा भी खोल दिया है। रमेश धवाला भाजपा से असंतुष्ट नेताओं के एकत्रित कर एक नया संगठन खड़ा करने की बात कह चुके हैं। इसके लिए वह बीजेपी के कुछ असंतुष्ट नेताओं से एक बैठक भी कर चुके हैं।
इस दौरान पूर्व विधायक होशियार सिंह ने देहरा की नई विधायक और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर पर भी हमला किया और कहा कि क्षेत्र की विधायक कहीं गायब हो गई हैं। उनका पता नादौन में मिलता है। यहां तक कि देहरा में खोला गया मुख्यमंत्री कार्यालय में भी ताला लगा है। होशियार सिंह ने कहा कि देहरा में विकास के कार्य केवल चौकों तक ही सीमित रह गए हैं। गांवों तक विकास कार्य पहुंच ही नहीं रहे हैं।