#राजनीति
August 14, 2025
हिमाचल कांग्रेस ने "वोट चोर-गद्दी छोड़" नारे के साथ निकाला कैंडल मार्च, भाजपा पर साधा निशाना
प्रतिभा सिंह बोलीं राहुल गांधी के आरोपों पर निर्वाचन आयोग नही दे रहा स्पष्ट जवाब
शेयर करें:
शिमला। देशभर में वोटों को लेकर जारी राजनीतिक टकराव के बीच हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में वीरवार को कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी द्वारा शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर वोट चोर-गद्दी छोड़ के नारे के साथ कैंडल मार्च आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
तेज बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता छातों के साथ शिमला के शेरे-ए-पंजाब चौक से रिज मैदान तक पैदल मार्च करते नजर आए। हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां और तख्तियां लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करने का आरोप लगाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में जनादेश का अपमान कर "वोट चोरी" की है। उन्होंने कहा, "अब बिहार में भी इसी तरह की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस देश के लोकतंत्र से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को सहन नहीं करेगी। हम इसके खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन छेड़ेंगे।" प्रतिभा सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के मुद्दे पर सवाल उठाए जाने के बावजूद निर्वाचन आयोग अब तक कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है।
इस मौके पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनावों के लिए डिजिटल वोटर लिस्ट अनिवार्य है और राहुल गांधी की यह मांग पूरी तरह से तर्कसंगत है। उन्होंने कहा, "यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि पारदर्शिता और संविधान की रक्षा का विषय है।" डिप्टी सीएम ने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और विरोधियों को ईडी, इनकम टैक्स और विजिलेंस के माध्यम से डराने का भी आरोप लगाया।
ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास को कांग्रेस पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें : मणिमहेश में पत्थर गिरने से चपेट में आया शख्स, नहीं बच पाया- यात्रा पर लगी रोक!
कांग्रेस ने घोषणा की है कि पार्टी 22 अगस्त से 7 सितंबर तक देशभर में "वोट चोर-गद्दी छोड़" के नारे के साथ जन रैलियों का आयोजन करेगी। इसके बाद 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें आम जनता से समर्थन जुटाया जाएगा।