#राजनीति
February 28, 2025
हिमाचल कांग्रेस संगठन को जल्द मिलेगा नया चेहरा, रजनी पाटिल बोलीं- पैरालाइज्ड नहीं पार्टी
हिमाचल कांग्रेस संगठनात्मक बदलाव की तैयारी, पाटिल ने शुरू किया मंथन
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी की नव नियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल ने शिमला स्थित राजीव भवन में वरिष्ठ नेताओं से वन-टू-वन बैठकें शुरू कर दी हैं। इस दौरान वे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पार्टी के सह प्रभारी, कांग्रेस विधायकों और 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों से मुलाकात कर रही हैं। साथ ही, विभिन्न फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुखों को भी बैठक के लिए बुलाया गया है।
बैठकों के बीच रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस संगठन को "पैरालाइज्ड" कहना सही नहीं होगा, बल्कि इसे और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने माना कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार प्रतिकूल परिस्थितियों में बनी है, इसलिए संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी नेताओं से चर्चा के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर हाईकमान को सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर जल्द ही नया संगठन गठित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : बिगड़े मौसम के बीच बुरी खबर: टूट गया ग्लेशियर, 57 मजदूर दबे
रजनी पाटिल के शिमला दौरे के साथ ही प्रदेश कांग्रेस में संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को बदला जाएगा या उनका कार्यकाल बढ़ाया जाएगा, इस पर भी गहन विचार-विमर्श किया जा रहा है। रजनी पाटिल इस मुद्दे पर भी वरिष्ठ नेताओं से राय ले रही हैं।
रजनी पाटिल ने आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और पूर्व विधानसभा अध्यक्षों के साथ भी मंथन किया।
यह भी पढ़ें : चमत्कार! महाशिवरात्रि से एक दिन पहले देवभूमि हिमाचल में स्वयं प्रकट हुए महादेव
दोपहर बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कैबिनेट मंत्रियों की बैठक बुलाई गई है। इसके अलावा, 1 मार्च को सभी कांग्रेस विधायकों और 2022 के चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों को चर्चा के लिए बुलाया गया है। इसके बाद फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुखों के साथ बैठक होगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पिछले साल 6 नवंबर को हिमाचल कांग्रेस की राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी भंग कर दी थी। करीब साढ़े तीन महीने बीतने के बावजूद नया संगठन गठित नहीं हो पाया, जिससे प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निराशा है। प्रदेश के कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने तो कांग्रेस संगठन को "पैरालाइज्ड" तक कह दिया था। इसे देखते हुए हाल ही में मुख्यमंत्री सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली जाकर रजनी पाटिल से जल्द नया संगठन बनाने का अनुरोध किया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सब्जी मंडी जा रहे शख्स को ट्रक ने उड़ाया, परिवार से छीन लिया सहारा
बैठकों के बाद रजनी पाटिल 1 मार्च को शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी, जिसमें संगठन को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा किया जाएगा। इसके बाद 2 मार्च को वे दिल्ली रवाना होंगी और कांग्रेस हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। रजनी पाटिल के इस दौरे को हिमाचल कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि जल्द ही नया संगठन सामने आएगा, जिससे पार्टी को मजबूती मिलेगी और राज्य में सरकार तथा संगठन के बीच समन्वय बढ़ेगा।