#विविध
February 26, 2025
चमत्कार! महाशिवरात्रि से एक दिन पहले देवभूमि हिमाचल में स्वयं प्रकट हुए महादेव
कांगड़ा के हरिपुर में मिला प्राचीन शिवमंदिर और जलहरी, अब बनेगा मंदिर
शेयर करें:
कांगड़ा। इसे चमत्कार नहीं तो और क्या कहेंगे? लोग भी इसे चमत्कार ही मान रहे हैं। यह अजब संयोग है कि महाशिवरात्रि से एक दिन पहले देवभूमि हिमाचल की धरती से स्वयंभू महादेव प्रकट हुए हैं। यह चमत्कार कांगड़ा जिले के हरिपुर में हुआ है, जो पहले ही प्राचीन मंदिरों के लिए मशहूर है। यहां से केवल महादेव ही नहीं, बल्कि उनका एक प्राचीन मंदिर भी सामने आया है।
देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर में मां सरस्वती के प्राचीन मंदिर का इन दिनों जीर्णोद्धार चल रहा है। महाशिवरात्रि से पहले मंदिर के आसपास की सफाई हो रही थी। खुदाई का काम भी चल रहा था। तभी लोगों को प्राचीन शिव मंदिर का हिस्सा नजर आया। लोगों ने बोल बम के नारों के बीच जोश के साथ खुदाई जारी रखी। अचानक उन्हें शिवलिंग के रूप में साक्षात भगवान महादेव के दर्शन हुए। साथ ही मिली जलहरी।
यह भी पढ़ें : महाशिवरात्रि पर भोले के जयकारों से गूंजे हिमाचल के शिवालय, उमड़ा आस्था का सैलाब
हरिपुर हेरिटेज डेवलपमेंट कमेटी की अगुवाई में जारी खुदाई में निकले शिवमंदिर के दो हिस्से साफ नजर आ रहे हैं। एक छोटा मंदिर भी मिला है, जिसे गर्भगृह माना जा रहा है। मंदिर का तीसरा हिस्सा क्षतिग्रस्त है। कमेटी को मां सरस्वती के प्राचीन मंदिर प्रांगण में ही शिवमंदिर होने के प्रमाण मिले थे। इसी को देखते हुए खुदाई की गई थी। इसमें शिवलिंग जैसे 3 पत्थर मिलेंगे। अब इनकी पुरातात्विक जांच होगी और देखा जाएगा कि खुदाई में निकले पत्थर शिवलिंग हैं या नहीं। अगर शिवलिंग निकलते हैं तो इनकी स्थापना मंदिर में दोबारा की जाएगी। नहीं तो नई शिवलिंग स्थापित करने की योजना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सब्जी मंडी जा रहे शख्स को ट्रक ने उड़ाया, परिवार से छीन लिया सहारा
हरिपुर कभी गुलेर रियासत की राजधानी रहा है। यहां पर कई प्राचीन किले, मंदिर, कुएं हैं, लेकिन अनदेखी के चलते यह सब अपनी अस्तित्व की जंग लड़ रहे हैं। माना जाता है कि कांगड़ा में 1905 के भयंकर भूकंप में कई कई प्राचीन धरोहरें मिट्टी में दफन हो गईं। लोगों का मानना है कि अगर क्षेत्र की खुदाई करवाई जाए तो कई प्राचीन स्थल यहां निकल सकते हैं। अब हरिपुर हेरिटेज डेवलपमेंट कमेटी ने प्राचीन धरोहरों के संरक्षण का बीड़ा उठाया है। इसके लिए लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।