#राजनीति
January 22, 2026
हिमाचल कांग्रेस की अंदरुनी कलह फिर जगजाहिर, मंच पर भिड़े दो Ex MLA; एक बोला- ‘छेड़ा नी देणा’
जिलाध्यक्ष बोलीं, मंडी जिले में कांग्रेस की स्थिति कमजोर
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर सामने आ गई। मंडी जिले में नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को उस वक्त माहौल गरमा गया, जब दो पूर्व कांग्रेस विधायक मंच पर ही आमने-सामने आ गए। यह पूरा घटनाक्रम कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार और वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर की मौजूदगी में हुआ, जिसकी वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
दरअसल, हाल ही में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर को मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गुरुवार को उन्होंने विधिवत रूप से कार्यभार संभाला, जिसके बाद मंडी शहर के ब्यास सदन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी नाराजगी खुलकर सामने आ गई।
कार्यक्रम में सुंदरनगर से पूर्व विधायक सोहन लाल ने मंच से बोलते हुए पूर्व जिला कार्यकारिणी पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि पहले बनाई गई कार्यकारिणी में करीब 400 लोगों को शामिल किया गया था, जिनमें से कई निष्क्रिय रहे और पार्टी के लिए जमीन पर काम नहीं किया। सोहन लाल की यह टिप्पणी पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी को नागवार गुजरी।
प्रकाश चौधरी ने खुले मंच से सोहन लाल को जवाब देते हुए कहा कि मंच एक मर्यादित स्थान होता है और यहां बोलते समय सोच-समझकर शब्दों का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करना जानते हैं। मंडयाली बोली में उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “छेड़ा नी देणा,” यानी किसी को बेवजह छेड़ना नहीं चाहिए।
इस तू-तू, मैं-मैं के बीच प्रकाश चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि चाहे जितनी बड़ी कार्यकारिणी बनाई जाए, वे पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। माहौल को संभालते हुए पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि दोनों नेताओं की बातों में सच्चाई है और पार्टी को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सीएम सुक्खू जिंदाबाद के नारे भी लगे।
इससे पहले मीडिया से बातचीत में चंपा ठाकुर ने स्वीकार किया कि मंडी जिले में कांग्रेस की स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पुराने वर्चस्व को दोबारा स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी और आने वाले विधानसभा चुनावों में जिले की सभी 10 सीटों पर जीत के लिए संगठन को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं की हर आवाज सरकार और संगठन तक पहुंचाई जाएगी। चंपा ठाकुर ने यह भी बताया कि 7 से 10 दिनों के भीतर जिला कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा।