#राजनीति
January 22, 2026
हिमाचल कांग्रेस चीफ की सीधी वार्निंग : जो जिलाध्यक्ष काम नहीं करेगा, उसे हटा दिया जाएगा
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी दिया अनुशासन का सख्त संदेश
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने संगठन में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए साफ शब्दों में कहा है कि पार्टी में अब केवल पद नहीं, बल्कि प्रदर्शन ही प्राथमिक आधार होगा। मंडी में नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान खुले मंच से बोलते हुए विनय कुमार ने चेतावनी दी कि यदि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष या अन्य पदाधिकारी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करते, तो उन्हें हटाने में पार्टी कोई संकोच नहीं करेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस संगठन में अब नियुक्तियां पूरी तरह परफॉर्मेंस आधारित होंगी। किसी नेता की सिफारिश पर भी अगर कोई पदाधिकारी नियुक्त किया जाता है, तो पहले उसके कार्य, सक्रियता और संगठन के प्रति योगदान की समीक्षा की जाएगी।
विनय कुमार ने दो टूक कहा कि पद मिलने के बाद निष्क्रिय रहना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे वह जिलाध्यक्ष ही क्यों न हो, काम न करने पर पद से हटाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जानकारी दी कि आने वाले 10 दिनों के भीतर प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। इसमें सभी वर्गों, क्षेत्रों और सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर भी कार्यकारिणियों का गठन किया जाएगा, जिसमें सक्रिय और मेहनती कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
विनय कुमार ने पंचायत चुनावों को लेकर भी संगठन और सरकार की तैयारियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन और प्रदेश सरकार पूरी तरह से चुनावी मोड में हैं और दोनों के बीच किसी तरह का कोई मतभेद या नाराजगी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी एकजुट होकर पंचायत चुनावों में मजबूती से उतरेगी।
इस मौके पर विनय कुमार ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन का सख्त संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी कार्यक्रम तय समय पर ही शुरू होंगे।
यदि कार्यक्रम का समय 11 बजे तय है, तो नेताओं को उसी समय मंच पर मौजूद रहना होगा और कार्यकर्ताओं को उससे पहले पहुंचना होगा। उन्होंने कहा कि वे खुद अनुशासन में रहकर काम करने में विश्वास रखते हैं और जब तक संगठन में समयबद्धता और अनुशासन नहीं आएगा, तब तक पार्टी आगे नहीं बढ़ सकती।