#राजनीति
November 6, 2025
प्रतिभा सिंह की अगले 10 दिन में चली जाएगी कुर्सी ! CM सुक्खू ने नए प्रदेश अध्यक्ष के दिए संकेत; जानें
सीएम सुक्खू बोले- अगले 10 दिन में प्रदेश को मिलेगा नया कांग्रेस अध्यक्ष
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में अगले 10 दिन के भीतर एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। जिसके संकेत खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिए हैं। अगले 10 दिन के भीतर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बैठी प्रतिभा सिंह की कुर्सी चली जाएगी। उस कुर्सी पर अब नया प्रदेश अध्यक्ष विराजमान होगा। सीएम सुक्खू ने साफ कह दिया है कि अगले 10 दिन के अंदर प्रदेश को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार को बिना संगठन के काम करते हुए लगभग एक साल हो गया है। अब इस संगठनात्मक खालीपन को भरने की दिशा में बड़ा कदम उठने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संकेत दिए हैं कि पार्टी को अगले 10 दिनों में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने इस पर अंतिम दौर की चर्चा शुरू कर दी है और बहुत जल्द प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन भी पूरा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 1 साल से बिना संगठन के चल रही कांग्रेस, अपने ही मंत्री ने कहा था- PARALYSED
शिमला में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि अगले 10 दिनों में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलेगा। पार्टी का विस्तार भी इसी अवधि में हो जाएगा। अध्यक्ष का नाम तय करने का अधिकार कांग्रेस हाईकमान के पास है और हम सभी को उसके निर्णय का इंतजार है। सुक्खू के इस बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। करीब एक साल से खाली पड़ी कांग्रेस संगठन की कमान अब किसके हाथों में जाएगी, इस पर सभी की निगाहें टिक गई हैं।
गौरतलब है कि 6 नवंबर 2024 को कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश की प्रदेश, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणियों को भंग कर दिया था। उस समय कहा गया था कि पार्टी को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाने के लिए संगठन का पुनर्गठन जरूरी है। यह फैसला तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के प्रस्ताव पर लिया गया था और इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जारी किया था। तब से अब तक हिमाचल कांग्रेस बिना औपचारिक संगठन के काम कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी के लिए लंबे समय से नामों की अटकलें जारी हैं। सूत्रों के मुताबिकए इस रेस में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ठियोग के विधायक और पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, तथा कुछ युवा और संगठन से जुड़े चेहरे भी शामिल हैं। कांग्रेस हाईकमान जातीय, क्षेत्रीय और अनुभव आधारित संतुलन साधने की कोशिश में है। पार्टी चाहती है कि नया अध्यक्ष संगठन को मजबूत करते हुए 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाए।
राज्य में कांग्रेस सरकार भले ही सत्ता में है, लेकिन संगठन के अभाव में पार्टी की जमीनी पकड़ कमजोर पड़ रही थी। कई जिलों में कार्यकर्ताओं के बीच संवाद की कमी और निर्णय प्रक्रिया में देरी की शिकायतें सामने आई हैं।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि नई कार्यकारिणी में संतुलित प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है। इसमें वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं के जोश को एक साथ जोड़ने की रणनीति अपनाई जाएगी। पार्टी हाईकमान का उद्देश्य है कि ब्लॉक से लेकर प्रदेश स्तर तक ऐसी टीम बने जो आने वाले चुनावों में जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों को मजबूती से पेश कर सके।