#राजनीति
November 11, 2025
सीएम सुक्खू ने बीजेपी के पांच गुटों का किया खुलासा, बोले- अब ये पार्टी नहीं, 5 गुटों का है गठबंधन
सीएम सुक्खू ने आपदा राहत वितरण मंत्र पर पेश की मिसाल
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के पड्डल मैदान में आयोजित आपदा राहत वितरण समारोह को एक शक्तिशाली राजनीतिक मंच में बदल दिया। मुख्यमंत्री ने मंच से विपक्ष और विशेषकर भाजपा नेताओं पर तीखे वार करते हुए पार्टी के भीतर गहराई से फैली गुटबाजी को जनता के सामने ना सिर्फ उजागर किया, बल्कि गुटों के नाम भी सार्वजनिक किए।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि भाजपा अब एक पार्टी नहीं बल्कि पांच गुटों का गठबंधन बन चुकी है, जिसमें जयराम ठाकुर, अनुराग ठाकुर, जेपी नड्डा, रमेश धवाला और पिछले वर्ष सत्ता के लालच में भाजपा में शामिल हुए कुछ कांग्रेसी नेता शामिल हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि भाजपा में गुटों के बीच वर्चस्व की जंग छिड़ी है। अनुराग ठाकुर मंडी में अपने समर्थन में नारे लगवाते हैं, वहीं जयराम ठाकुर हमीरपुर में अपनी ताकत दिखाने निकल पड़ते हैं।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस के मंच पर BJP विधायक : CM सुक्खू की तारीफों के बांधे पुल, दोनों पार्टियों को दी नसीहत
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाया कि आपदा के समय भी वे राजनीति करने में जुटे हुए हैं और जनता की पीड़ा को नजरअंदाज कर केवल भ्रम फैलाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों का राजनीतिकरण करना अनुचित है, और बेहतर होता कि मंडी जिले के सभी भाजपा विधायक इस कार्यक्रम में शामिल होते। सुक्खू ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वन भूमि हस्तांतरण में अड़ियल रवैया और 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता न मिलने के कारण आपदा पीड़ितों का पुनर्वास काम प्रभावित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंच से विपक्ष के विधायकों का सम्मान करते हुए लोकतंत्र की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में विपक्ष के विधायकों को मंच पर बोलने तक की अनुमति नहीं थी, लेकिन आज भाजपा विधायक अनिल शर्मा मंच पर मौजूद हैं, यही सच्चे लोकतंत्र की पहचान है।
सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन, भ्रष्टाचार और जनहित कार्यों की अनदेखी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने करोड़ों रुपये की इमारतें बनाई लेकिन जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। बद्दी में उद्योगपतियों को सस्ते दामों पर हजारों बीघा भूमि देने से राज्य को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के वरिष्ठ और युवा नेताओं को मंच की पहली कतार में बैठाकर संगठन और एकता की मजबूत तस्वीर पेश की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भाजपा पर राजनीतिक आक्रामकता और गुटबाजी को उजागर करते हुए मंडी में जयराम ठाकुर के गढ़ पर जोरदार हमला किया। इस प्रकार मंडी का आपदा राहत वितरण समारोह न केवल आपदा पीड़ितों के लिए राहत का अवसर बनाए बल्कि राजनीतिक संघर्ष और दलगत एकता का भी नया प्रतीक बन गया।